राजस्थान

Jaipur: राजस्थान में आज बादल छाए रहने का अनुमान, 18 अगस्त से मानसून होगा सक्रिय

Admindelhi1
17 Aug 2026 12:53 PM IST
Jaipur: राजस्थान में आज बादल छाए रहने का अनुमान, 18 अगस्त से मानसून होगा सक्रिय
x
राजस्थान में मानसून की फिर होगी वापसी, 18 अगस्त से बारिश बढ़ने की संभावना

जयपुर: राजस्थान में सोमवार को मौसम मुख्य रूप से बादलों की आवाजाही वाला रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के किसी भी जिले में बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया है। इसके बाद 18 अगस्त से एक बार फिर बारिश की गतिविधियां बढ़ने के आसार हैं। 18 अगस्त को प्रदेश के आठ जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी और उससे सटे ओडिशा तथा पश्चिम बंगाल तट के आसपास एक नया कम दबाव का क्षेत्र बन गया है। इसके अगले 24 घंटे में और अधिक मजबूत होने तथा उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है। इस मौसमी तंत्र के प्रभाव से पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में आगामी दिनों में बारिश का दौर जारी रह सकता है।

पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश में कई स्थानों पर बारिश मापी गई। सबसे अधिक 31 मिलीमीटर बारिश चित्तौड़गढ़ में हुई।

इसके अलावा करौली में 15.5, दौसा में 20.5, डूंगरपुर में 7.5, भीलवाड़ा में 7.2 और अलवर में 7.2 मिलीमीटर बारिश मापी गई।

मौसम विभाग के मुताबिक मानसून ट्रफ की स्थिति भी प्रदेश के मौसम को प्रभावित कर रही है। इसके चलते आने वाले दिनों में पूर्वी राजस्थान में मानसून की गतिविधियां पश्चिमी राजस्थान की तुलना में अधिक सक्रिय रहने की संभावना है। पूर्वी हिस्सों में कहीं-कहीं बारिश का दौर देखने को मिल सकता है।

जोधपुर और बीकानेर संभाग के अधिकांश हिस्सों में अगले 4 से 5 दिनों तक मानसून की परिस्थितियां अपेक्षाकृत कमजोर रहने का अनुमान है।

हालांकि 18 अगस्त से बीकानेर और जोधपुर संभाग के कुछ इलाकों में बारिश की गतिविधियां शुरू हो सकती हैं। वहीं 19 से 21 अगस्त के बीच बीकानेर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है।

राजस्थान में आज राहत के बाद 18 अगस्त से मानसून फिर करवट लेगा। पूर्वी राजस्थान में बारिश का असर ज्यादा रहने की संभावना है, जबकि पश्चिमी हिस्सों में मानसून अपेक्षाकृत कमजोर बना रहेगा।

Next Story