राजस्थान

जयपुर के 300 साल पूरे होने का जश्न, फोटो फेस्टिवल में काटा गया केक

Admindelhi1
20 Nov 2026 10:40 AM IST
जयपुर के 300 साल पूरे होने का जश्न, फोटो फेस्टिवल में काटा गया केक
x
जयपुर हेरिटेज फोटो एग्जीबिशन में रजनीश माथुर बने विजेता, कलाकारों का सम्मान

जयपुर: गुलाबी नगरी जयपुर की ऐतिहासिक विरासत, कला और संस्कृति को समर्पित जयपुर हेरिटेज फोटो एवं पेंटिंग एग्जीबिशन के पांचवें संस्करण का गुरुवार को समापन हो गया। राजस्थान फोटो फेस्टिवल के तहत आईटीसी राजपूताना की वेलकम आर्ट गैलरी में आयोजित प्रदर्शनी में जयपुर के 300 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में विशेष केक सेरेमनी आयोजित की गई।

समापन समारोह में विधायक गोपाल शर्मा, विधायक मुकेश भाकर, होटल सफारी के डायरेक्टर राघव गोयल और आईटीसी के जनरल मैनेजर दीपेंद्र राणा अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान प्रतियोगिता के विजेताओं और प्रतिभागियों को मेडल एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

फोटोग्राफी प्रतियोगिता में रजनीश माथुर ने प्रथम स्थान हासिल किया। सिंगापुर की शालिनी पुरोहित दूसरे और रोहन माथुर तीसरे स्थान पर रहे। प्रदर्शनी में 100 से अधिक फोटोग्राफरों और कलाकारों ने अपनी कलाकृतियों एवं तस्वीरों का प्रदर्शन किया।

इस आयोजन का प्रमुख आकर्षण पूर्व महाराजा सवाई भवानी सिंह की दुर्लभ ऐतिहासिक तस्वीरें रहीं। दर्शकों और पर्यटकों ने इन तस्वीरों को उत्साह से देखा और मोबाइल कैमरों में कैद किया।

प्रदर्शनी में जयपुर के ऐतिहासिक स्मारकों, परकोटे, मंदिरों, पारंपरिक त्योहारों, पुरानी गलियों और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को तस्वीरों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। शहरवासियों और पर्यटकों को पुराने और आधुनिक जयपुर की झलक एक ही स्थान पर देखने को मिली।

आईटीसी के जनरल मैनेजर दीपेंद्र राणा ने कहा कि जयपुर के 300 वर्ष पूरे होने की खुशी में केक सेरेमनी आयोजित कर शहर का जन्मदिन मनाया गया।

प्रदर्शनी के डायरेक्टर संजय कुमावत, क्यूरेटर अदिति अग्रवाल, सोनू, श्रुति और मोहित ने अतिथियों का स्वागत किया।

फेस्टिवल की संरक्षक रेणुका कुमावत ने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए अगले वर्ष आयोजन को और भव्य बनाने की बात कही। उन्होंने कहा कि जयपुर की कला, संस्कृति और ऐतिहासिक विरासत को देश-विदेश तक पहुंचाने तथा पर्यटन को बढ़ावा देने के प्रयास जारी रहेंगे।

Next Story