राजस्थान

Jaipur: एसआई री-एग्जाम में अभ्यर्थियों की 69 फीसदी से अधिक उपस्थिति

Admindelhi1
21 Sept 2026 2:22 PM IST
Jaipur: एसआई री-एग्जाम में अभ्यर्थियों की 69 फीसदी से अधिक उपस्थिति
x
एसआई री-एग्जाम में 69 फीसदी से अधिक अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा

जयपुर: राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी) द्वारा आयोजित सब इंस्पेक्टर संयुक्त प्रतियोगी पुनः परीक्षा-2021 रविवार को प्रदेश के 11 जिलों के 666 परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षित, व्यवस्थित और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। परीक्षा में पंजीकृत 2,18,114 अभ्यर्थियों में से प्रथम पारी में 1,51,774 और द्वितीय पारी में 1,50,559 अभ्यर्थी शामिल हुए।

एडीजी कानून-व्यवस्था वीके सिंह ने बताया कि परीक्षा के दौरान कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के प्रवेश एवं निकास, यातायात प्रबंधन तथा परीक्षा प्रक्रिया में किसी तरह का व्यवधान नहीं हो, इसके लिए पुलिस और प्रशासन की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं। पेपर की गोपनीयता, परीक्षा की शुचिता और अनुचित साधनों पर रोक के लिए भी विशेष सतर्कता बरती गई।

एडीजी एसओजी विशाल बंसल ने बताया कि संदिग्ध फोटो, समान नाम अथवा डबल फॉर्म जैसी विसंगतियों वाले 50 अभ्यर्थियों को चिह्नित कर उनका सत्यापन कराया जा रहा है। परीक्षा के दौरान एसओजी के वांछित अपराधियों पर भी विशेष निगरानी रखी गई। परीक्षा देने पहुंचे तीन वांछित अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। पेपर लीक की किसी भी संभावना को समाप्त करने के उद्देश्य से एसओजी ने करीब 1,200 संदिग्ध व्यक्तियों एवं आरपीएससी से डिबार अभ्यर्थियों को संबंधित थानों पर बुलाकर पूछताछ की।

आरपीएससी द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार प्रथम पारी में 2,18,114 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 1,51,774 उपस्थित रहे, जबकि 66,340 अनुपस्थित रहे। प्रथम पारी में कुल 69.58 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई। टोंक में सर्वाधिक 77.73 प्रतिशत उपस्थिति रही। हनुमानगढ़ में 74.35, श्रीगंगानगर में 73.42, भरतपुर में 73.39, अलवर में 72.31, जोधपुर में 71.85, कोटा में 71.44, बीकानेर में 69.69, अजमेर में 67.43, जयपुर में 66.90 तथा उदयपुर में 66.46 प्रतिशत अभ्यर्थी उपस्थित रहे।

द्वितीय पारी में 2,18,114 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 1,50,559 उपस्थित रहे, जबकि 67,555 अनुपस्थित रहे। द्वितीय पारी में कुल 69.03 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई। टोंक में सर्वाधिक 76.96 प्रतिशत उपस्थिति रही। हनुमानगढ़ में 73.83, भरतपुर में 72.83, जोधपुर में 71.29, कोटा में 70.90, श्रीगंगानगर में 73.06, अलवर में 71.61, बीकानेर में 69.12, अजमेर में 66.96, जयपुर में 66.29 तथा उदयपुर में 66.06 प्रतिशत अभ्यर्थी उपस्थित रहे।

पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने परीक्षा की पूर्व संध्या पर अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा था कि पुलिस की वर्दी केवल गौरव का प्रतीक नहीं, बल्कि कर्तव्य, अनुशासन, ईमानदारी, जिम्मेदारी और आमजन की सुरक्षा के संकल्प की पहचान है। उन्होंने अभ्यर्थियों से ऐसा पुलिस कार्मिक बनने का लक्ष्य रखने का आह्वान किया, जिस पर आमजन संकट की घड़ी में भरोसा कर सके।

Next Story