राजस्थान
Jaipur: सदन की सुरक्षा और पारदर्शिता पर कैमरों की जरूरत: देवनानी
Tara Tandi
11 Sept 2025 12:49 PM IST

x
Jaipur जयपुर । राजस्थान विधान सभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने बुधवार को सदन को विश्वास दिलाया कि प्रतिपक्ष द्वारा कैमरों से निजता भंग के लगाए गए आरोप निराधार हैं। उन्होंने कहा कि सदन में लगाए गए कैमरों के कार्य नियमानुसार और सदन की गरिमा की सुरक्षा के लिए हो रहे हैं। सदन के नियमों, परंपराओं और मर्यादाओं की पालना करवाना अध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। श्री देवनानी ने कहा कि उनके द्वारा हमेशा से पक्ष और प्रतिपक्ष को साथ लेकर सदन चलाने की कोशिश की जाती रही है।
कैमरे पहले से ही स्थापित, नेवा के तहत कैमरों का अपग्रेडेशन-
विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने कहा कि सदन लोकतंत्र का मंदिर है। सभी विधायकगण इस मंदिर में आते हैं। यहां की मर्यादाएं हैं, नियम हैं, परंपराएं हैं। राजस्थान की आठ करोड़ जनता हम सबको रोज लाईव देखती है। श्री देवनानी ने कहा कि वे गत तीन चार दिन से अनुभव कर रहे हैं कि कहीं न कहीं सदन की गरिमा में कमी आ रही है। सभी मिलकर गरिमा रखेंगे तो अच्छा संदेश जाएगा। प्रतिपक्ष के कुछ सदस्यों द्वारा सदन में स्थापित कैमरों के संबंध में उठाए गए प्रश्न के संदर्भ में व्यवस्था देते हुए श्री देवनानी ने कहा कि विधान सभा के नवीन भवन में सदन की स्थापना के समय से ही कैमरे लगे हुए हैं। पुराने सदस्यों को याद भी होगा की सवाई मान सिंह टाउन हॉल स्थित विधानसभा भवन में भी कार्यवाही की वीडियो रिकॉर्डिंग करवाई जाती थी। उन्होंने कहा कि हाल ही में वन नेशन वन एप्लीकेशन के तहत पेपरलेस प्रणाली को अंगीकार किया गया। इसके तहत ही कैमरो को अपग्रेड किया गया है।
कैमरों से ऑडियो रिकार्डिंग नहीं, सुरक्षा के लिए लगाए गए है कैमरे-
श्री देवनानी ने कहा कि सदन में लगाए गए कैमरों से ऑडियों रिकार्डिंग नहीं की जाती है। नेवा परियोजना के तहत सदन में स्थापित विभिन्न उपकरणों को तकनीकी रूप से अपग्रेड किया गया है जो कि एक सामान्य प्रक्रिया है। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का एक निश्चित जीवनकाल होता है। नवीन तकनीकी उपकरणों से बेहतर क्वालिटी का प्रसारण संभव हुआ है। पंद्रहवीं विधानसभा के कार्यकाल के दौरान यूट्यूब पर आरंभ हुए लाइव प्रसारण के लिए संपूर्ण सदन के कवरेज के लिए भी आवश्यकतानुसार कैमरे प्रयोग में लाए जाते रहे हैं।
सुरक्षा पर प्रतिपक्ष को आपति क्यों-
श्री देवनानी ने आश्चर्य व्यक्त करते हुए कहा कि सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण मसले पर प्रतिपक्ष को आपति क्यों हो रही है। उन्होंने कहा कि 360 डिग्री को कवर करने वाले कैमरों से सुरक्षा पुख्ता हुई है। उन्होंने कहा कि सदन में बैठकों से पहले और पश्चात के साथ ही, जब बैठक नहीं होती है, उस दौरान भी सदन में सफाई और उपकरणों की सार संभाल के लिए आईपैड को चैक किये जाने हेतु अधिकारियों, कर्मचारियों और तकनीशियनों का निरन्तर आवागमन रहता है। सुरक्षा की दृष्टि से सदन में कैमरों का होना आवश्यक है। प्रतिपक्ष को सुरक्षा की दृष्टि को गंभीरता से सोचना होगा।
सदन के आसन सहित सभी दीर्घाएं भी कैमरों की नजर में—
श्री देवनानी ने कहा कि राष्ट्रमंडल संसदीय संघ की शाखा के तत्वावधान में आयोजित होने वाले विभिन्न सेमिनार, युवा संसद जैसे आयोजनों के सजीव प्रसारण के लिए भी विभिन्न ऐंगल से कवरेज के लिए भी कैमरे सहयोगी होते हैं। पक्ष और प्रतिपक्ष के सदस्यों वाले स्थान के साथ ही आसन, राज्यपाल दीर्घा, अधिकारी दीर्घा सहित सभी दीर्घाओं में पहले से ही कैमरे स्थापित है। विधानसभा सदन में अध्यक्ष की कुर्सी की तरफ भी कैमरा लगा हुआ है। सदन में स्थापित किसी भी कैमरे से ऑडियो कैप्चर करने की व्यवस्था नहीं है, न ही यह कैमरे किसी सदस्य विशेष पर केंद्रित हैं। उक्त कैमरे तीन सौ साठ डिग्री क्षमता के है, जिन्हें संचालित करने हेतु दिशा निर्देश बने हुए हैं। इन दिशा—निर्देशों के अनुसार ही इन कैमरों का संचालन किया जाता है।
कैमरों से किसी सदस्य की निजता भंग नहीं-
श्री देवनानी ने कहा कि कैमरों के अपग्रेडेशन से किसी भी सदस्य की निजता भंग नहीं हो रही है। कैमरे सदन में काफी ऊपर की दिशा में लगे हुए हैं। अन्य राज्यों की विधानसभाओं में भी कैमरे लगे हुए हैं। लोकसभा में भी कैमरे लगे हुए हैं और आजकल अपने घरों में भी कैमरे लगाते हैं। परिसर में कैमरों की आवश्यकता कितनी है, यह आज की परिस्थिति में हम सब महसूस कर सकते हैं। लोकसभा में भी विगत में दर्शक दीर्घा से किन्हीं दर्शकों के कूदे जानें की घटनाएं हुई हैं, जिसके बाद वहां की सुरक्षा और बढ़ा दी गई। यहां हम सब भी सुरक्षित रहें, यह हम सबके लिए आवश्यक है। यहां पर यदि पारदर्शिता है तो किसी को भी यहां शंका करने की आवश्यकता नहीं है। सदन में कोई निजता भंग नहीं की गई है, न आगे भी किसी की निजता भंग की जाएगी।
TagsJaipur सदन सुरक्षापारदर्शिता कैमरों जरूरतदेवनानीJaipur House securitytransparency cameras neededDevnaniजनता से रिश्ता न्यूज़जनता से रिश्ताजनता से रिश्ता.कॉमआज की ताजा न्यूज़हिंन्दी न्यूज़भारत न्यूज़खबरों का सिलसिलाआज की ब्रेंकिग न्यूज़आज की बड़ी खबरमिड डे अख़बारJanta Se Rishta NewsJanta Se RishtaToday's Latest NewsHindi NewsIndia NewsKhabron Ka SilsilaToday's Breaking NewsToday's Big NewsMid Day Newspaperजनताjantasamachar newssamacharहिंन्दी समाचार
Next Story





