राजस्थान

Jaipur: कैबिनेट मंत्री ने ग्रामीण सेवा शिविरों का किया निरीक्षण

Tara Tandi
28 Sept 2025 1:37 PM IST
Jaipur: कैबिनेट मंत्री ने ग्रामीण सेवा शिविरों का किया निरीक्षण
x
Jaipur जयपुर । पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री श्री जोराराम कुमावत ने शनिवार को पाली जिले के सुमेरपुर ब्लॉक की ग्राम पंचायत बाँकली, पाली पंचायत समिति क्षेत्र की ग्राम पंचायत भांगेसर के ग्रामीण सेवा शिविरों का अवलोकन किया।
बांकली के ग्रामीण सेवा शिविर में मंत्री श्री कुमावत ने अवलोकन कर विभिन्न विभागों के काउंटरों का निरीक्षण किया। श्री कुमावत ने शिविरों में परिवेदनाओं को गंभीरता से सुनकर त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रत्येक योजना का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए संकल्पबद्द है। उन्होंने ग्रामीणों से इन शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
श्री कुमावत ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की मंशा के अनुरूप इन ग्रामीण सेवा शिविरों में आमजन की समस्याओं का शीघ्र निस्तारण कर त्वरित राहत दी जा रही है। शिविरों में आम नागरिक केन्द्र व राज्य सरकार की योजनाओं से लाभान्वित हो रहे हैं। उन्होंने आह्वान किया कि आमजन अपने नागरिक कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए समाज के गरीब व जरूरतमंद व्यक्ति को इन शिविरों तक लाएं, जिससे उन्हें योजनाओं से लाभान्वित किया जा सके।
श्री कुमावत ने कहा कि इन सेवा शिविरों में 16 विभागों को शामिल किया गया है, जहां सम्बंधित विभाग के अधिकारी न केवल योजनाओं की जानकारी दे रहे हैं बल्कि आमजन की लंबित समस्याओं का भी त्वरित निस्तारण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक ही मंच पर और एक ही स्थान पर सभी विभाग समन्वय के साथ आमजन की समस्याओं का त्वरित निस्तारण करें।
उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग से जुड़े काम जैसे नाम शुद्धिकरण, नामांतरण, बंटवारा विवाद आदि काम वर्षों से अटके हुए हैं, जिनका त्वरित निस्तारण इन शिविरों में हो रहा है। इसके साथ ही राज्य सरकार की कई योजनाओं का लाभ भी मौके पर ही प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यह क्षेत्र कृषि और पशुपालन की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। यहां की अधिकांश आबादी कृषि और पशुपालन पर निर्भर है इसलिए उन्होंने इन विभागों की योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने पशुपालकों से मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना का लाभ उठाने के लिए कहा। उन्होंने बताया कि इस वर्ष के लिए 1 अक्टूबर, 2025 से मंगला पशु बीमा योजना का पंजीयन प्रारंभ किया जा रहा है इसलिए अधिक से अधिक लोग इस योजना का लाभ उठाएं। कार्यक्रमों में मंत्री श्री कुमावत ने पशुपालकों को मंगल पशु बीमा योजना की पॉलिसी, आवासीय पटटों का भी वितरण किया।
अपने प्रवास के दौरान कैबिनेट मंत्री श्री कुमावत ने पाली तहसील के गांव कूरना में स्व. गोपाल भाई मेघवाल की स्मृति में आयोजित रक्तदान शिविर में पहुंचकर रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने स्व. गोपाल मेघवाल की तस्वीर के समक्ष पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद श्री कुमावत ने रक्तदाताओं को प्रश्स्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया।
Next Story