राजस्थान

Jaipur: महवा की 32 पंचायतों में बस सेवा

Admindelhi1
4 Feb 2026 7:56 PM IST
Jaipur: महवा की 32 पंचायतों में बस सेवा
x
"रेवेन्यू शेयरिंग से होगी नई बस सेवा"

जयपुर: महवा विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों के लिए अच्छी खबर है। उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने बुधवार को विधानसभा में बताया कि महवा की 32 ग्राम पंचायतों को जोड़ने के लिए बस संचालन के लिए निगम द्वारा निविदाएं जारी कर दी गई हैं। ये बस सेवाएं रेवेन्यू शेयरिंग मॉडल पर संचालित की जाएंगी।

प्रश्नकाल के दौरान विधायक राजेंद्र के पूरक प्रश्नों का जवाब देते हुए उप मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि यदि आवश्यकता पड़ी और संबंधित प्रस्ताव भेजे गए, तो अतिरिक्त बसों के संचालन की कार्रवाई भी की जाएगी।

उप मुख्यमंत्री ने सदन को बताया कि वर्तमान में महवा विधानसभा क्षेत्र से कुल 172 बसों का संचालन किया जा रहा है। साथ ही उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा वर्ष 2022 से अब तक बगरू विधानसभा क्षेत्र में 12 नई बस सेवाएं शुरू की जा चुकी हैं।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2024–25 के बजट में दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में लोक परिवहन सेवाएं शुरू करने की घोषणा की गई थी, जिसे अब जमीन पर उतारा जा रहा है। इसी कड़ी में पूरे प्रदेश के 357 ग्रामीण मार्गों पर रेवेन्यू शेयरिंग मॉडल के तहत बस संचालन के लिए निविदाएं जारी की गई थीं।

विधायक राजेंद्र के मूल प्रश्न के लिखित उत्तर में उप मुख्यमंत्री ने बताया कि महवा विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण मार्गों पर पहले जारी निविदाओं में किसी भी संवेदक ने भाग नहीं लिया, जिसके चलते पुनः निविदा जारी करने की प्रक्रिया फिलहाल प्रगति पर है।

उन्होंने योजना के तहत महवा विधानसभा क्षेत्र के प्रस्तावित ग्रामीण मार्गों का विवरण भी सदन के पटल पर रखा। नई बस सेवाओं के शुरू होने से महवा की ग्राम पंचायतों को शहरों से बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी, जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार तक पहुंच आसान होगी।

Next Story