राजस्थान

Jaipur: राहुल गांधी के प्रदर्शन पर भाजपा का पलटवार, राजेंद्र राठौड़ ने साधा निशाना

Admindelhi1
22 July 2026 2:05 PM IST
Jaipur: राहुल गांधी के प्रदर्शन पर भाजपा का पलटवार, राजेंद्र राठौड़ ने साधा निशाना
x
राहुल गांधी की कार्रवाई को बताया नौटंकी, राजेंद्र राठौड़ का कांग्रेस पर हमला

जयपुर: पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ ने कहा कि घटता जनाधार और जनाधार को ढूंढने के लिए बैसाखियों के सहारे चलना कांग्रेस की आदत हो गई है। कल छात्रों और युवाओं के प्रदर्शन को लेकर आज जिस प्रकार की नौटंकी दिल्ली में एक जिम्मेदार संवैधानिक पद पर बैठे राहुल गांधी ने की है, यह लोकतंत्र को शर्मसार करने वाली है।

उन्होंने कहा कि जब आंदोलनकारियों की बात केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा साहब से हो गई, उसी पर बात होनी चाहिए। लेकिन किसी न किसी तरह देश में प्रगति की ओर बढ़ता हिंदुस्तान, तरक्की की ओर बढ़ता हिंदुस्तान और हिंदुस्तान के अंदर जिस प्रकार का आर्थिक विकास हो रहा है, उन मुद्दों पर लोकसभा में बहस नहीं हो, इसलिए इस बार भी एक नौटंकी रची है।

उन्होंने कहा कि राजस्थान में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत इन बातों को लेकर धरने पर बैठते हैं। लेकिन गहलोत के शासन में एक-दो नहीं, लगातार 17 परीक्षाओं में पेपर लीक हुआ। उनके कार्यकाल में नौकरियां लुटती रहीं। उन पर आरोप लगाने वाले आरपीएससी के मेंबर बाबूलाल कटारा ने स्वीकार किया था कि उन्होंने आरपीएससी की मेंबरशिप पैसे देकर ली थी। आज कटारा जेल में बैठे हैं। गहलोत ने आरपीएससी जैसी संस्था को एक तरह से कलंकित किया। छात्र सड़कों पर आंदोलन करते रहे, लाठीचार्ज होता रहा, तब गहलोत ने आंदोलनकारियों से मिलना भी उचित नहीं समझा। आज अचानक उनका दर्द जगा। इस प्रकार की नौटंकी से कुछ होने वाला नहीं है।

राठौड़ ने कहा कि राजस्थान और केंद्र की डबल इंजन सरकार युवाओं को सौगातें दे रही है, युवाओं को पारदर्शी तरीके से नौकरियां मिल रही हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में रोजगार मेलों के माध्यम से रोजगार सृजन हो रहा है, यह अद्वितीय है। इस समय देश में बेरोजगारी की दर सर्वाधिक कम है। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के समय से आज बेरोजगारी की दर आधी भी नहीं है, जबकि कांग्रेस के राज में राजस्थान देश के अंदर बेरोजगारी की दर में दूसरे पायदान पर था।

Next Story