राजस्थान

Jaipur: भजनलाल शर्मा ने जनहित को बताया सरकार की प्राथमिकता

Admindelhi1
14 May 2026 12:42 PM IST
Jaipur: भजनलाल शर्मा ने जनहित को बताया सरकार की प्राथमिकता
x
"भजनलाल शर्मा ने जनसेवा पर दिया जोर"

जयपुर: राजस्थान में भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेशभर में पानी और बिजली आपूर्ति व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के सख्त निर्देश जारी किए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा है कि गर्मी के मौसम में आमजन को पेयजल और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। यदि किसी जिले में जलापूर्ति या बिजली व्यवस्था को लेकर शिकायतें प्राप्त होती हैं, तो संबंधित जिला कलक्टर और विभागीय अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने बुधवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में आयोजित उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता आमजन को राहत पहुंचाना है और इस दिशा में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।

उन्होंने सभी जिला कलक्टरों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने जिलों में नियमित रूप से साप्ताहिक बैठकें आयोजित कर पानी और बिजली आपूर्ति व्यवस्था की सतत समीक्षा करें। साथ ही, संबंधित विभागीय अधिकारी प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित समाधान सुनिश्चित करें, ताकि भीषण गर्मी के दौरान लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

मुख्यमंत्री ने अस्पतालों की व्यवस्थाओं पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि अस्पतालों में साफ-सफाई, पेयजल उपलब्धता और अन्य आवश्यक सुविधाओं की नियमित निगरानी की जाए, ताकि गर्मी के मौसम में स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित न हों और मरीजों को बेहतर उपचार मिल सके।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील के अनुरूप मुख्यमंत्री ने पेट्रोल-डीजल की बचत पर भी जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को सरकारी वाहनों के उपयोग में मितव्ययिता बरतने, अधिकाधिक कार पूलिंग अपनाने और जिलों में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठकों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव को इस संबंध में सभी जिला कलक्टरों को स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने के आदेश दिए, ताकि प्रशासनिक स्तर पर भी संसाधनों का संयमित उपयोग सुनिश्चित हो सके।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने जल जीवन मिशन की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जल जीवन मिशन के कार्यों को प्रभावी रूप से पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। पूर्ववर्ती सरकार के दौरान इस योजना में हुई अनियमितताओं और अधूरे कार्यों के कारण आमजन को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा है। इसलिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत सभी प्रगतिरत कार्यों को स्पष्ट लक्ष्य निर्धारण के साथ तय समयसीमा में पूरा किया जाए तथा इसकी विस्तृत रिपोर्ट भी तैयार की जाए।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने संदेश दिया कि गर्मी के इस कठिन दौर में जनता को राहत देना सरकार की सर्वोच्च जिम्मेदारी है। पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य सेवाएं और प्रशासनिक दक्षता जैसे सभी क्षेत्रों में जवाबदेही तय की जाएगी। राज्य सरकार का उद्देश्य है कि भीषण गर्मी के बावजूद प्रदेशवासियों को राहत, सुरक्षा और आवश्यक सुविधाएं निर्बाध रूप से उपलब्ध हों।

Next Story