राजस्थान

Jaipur: बाड़मेर सबसे गर्म, पारा 46.4 डिग्री पहुंचा

Admindelhi1
27 April 2026 11:04 AM IST
Jaipur: बाड़मेर सबसे गर्म, पारा 46.4 डिग्री पहुंचा
x

जयपुर: राजस्थान में भीषण गर्मी का दौर जारी है और प्रदेश के अधिकांश शहरों में तापमान लगातार उछाल पर है। रविवार को 9 शहरों का अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया, जबकि 4 शहरों में न्यूनतम तापमान 30 डिग्री के पार रहा। मौसम विभाग के अनुसार 46.4 डिग्री सेल्सियस के साथ बाड़मेर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जबकि 32.8 डिग्री के साथ फलौदी और संगरिया की रात सबसे गर्म दर्ज की गई। आगामी दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है। बाड़मेर के अलावा जैसलमेर, पिलानी, कोटा, चित्तौड़गढ़, जोधपुर, बीकानेर और चूरू में भी दिन का तापमान 44 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया।

इस बीच जयपुर, अजमेर, सीकर, डबोक, प्रतापगढ़ और अन्य स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश भी दर्ज की गई, हालांकि इससे गर्मी के प्रभाव में खास कमी नहीं आई। पश्चिमी राजस्थान में हीटवेव के कारण आमजन के साथ पशु-पक्षी भी बेहाल नजर आए।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि राज्य के कई हिस्सों में उष्ण लहर और उष्ण रात्रि की स्थिति बनी हुई है। वहीं कुछ स्थानों पर मेघगर्जन और तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी दर्ज की गई है। वर्तमान में अधिकांश क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 44 से 46 डिग्री के बीच बना हुआ है, जो सामान्य से अधिक है। उन्होंने बताया कि न्यूनतम तापमान जवाई बांध में 22.8 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि शनिवार को सर्वाधिक वर्षा गंगापुर सिटी में 6 मिलीमीटर रिकॉर्ड की गई।

राजधानी जयपुर में भी गर्मी का असर तेज रहा। यहां अधिकतम तापमान 42.7 डिग्री और न्यूनतम 30.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोपहर के समय तेज गर्मी के कारण बाजार और सड़कें अपेक्षाकृत सूनी नजर आईं। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में तापमान में और वृद्धि की संभावना जताई है।

प्रमुख शहरों का अधिकतम तापमान (डिग्री सेल्सियस में):

बाड़मेर 46.4, जैसलमेर 46.0, कोटा 45.2, चित्तौड़गढ़ 45.2, फलौदी 44.8, जोधपुर 44.7, बीकानेर 44.6, पिलानी 44.4, चूरू 42.2।

Next Story