राजस्थान

Jaipur: अश्विनी वैष्णव ने नवाचार मॉडल को बताया प्रेरणादायक

Admindelhi1
22 Feb 2026 5:52 PM IST
Jaipur: अश्विनी वैष्णव ने नवाचार मॉडल को बताया प्रेरणादायक
x

जयपुर: भारत मंडपम नई दिल्ली में आयोजित इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 के दौरान शनिवार को केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने ‘राजस्थान पवेलियन’ का दौरा किया। इस अवसर पर उन्हें राजस्थान सरकार द्वारा कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के क्षेत्र में की जा रही प्रमुख पहलों की विस्तृत जानकारी दी गई।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार शासन व्यवस्था में एआई के उपयोग को बढ़ावा दे रही है। इसके अंतर्गत नागरिक-केंद्रित सेवाओं का डिजिटलीकरण, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि और प्रशासनिक क्षेत्रों में एआई आधारित नवाचारों को लागू किया जा रहा है। अधिकारियों ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि इन पहलों का उद्देश्य पारदर्शिता बढ़ाना, सेवाओं की गति तेज करना और आमजन को तकनीक के माध्यम से सुलभ सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

वैष्णव ने राजस्थान के एआई-आधारित शासन मॉडल और डिजिटल परिवर्तन की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि राज्य के ये कदम भारत की समग्र एआई रणनीति के अनुरूप हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि देश की एआई नीति समावेशी, जिम्मेदार और नागरिक-केंद्रित विकास पर आधारित है, और राजस्थान इस दिशा में प्रभावी पहल कर रहा है।

सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग की ओर से ‘राजस्थान पवेलियन’ में लगभग 20 स्टॉल लगाए गए, जिनमें राज्य में तकनीक के माध्यम से हो रहे नवाचारों को प्रदर्शित किया गया। इन स्टॉल्स के जरिए डिजिटल गवर्नेंस, स्मार्ट समाधान और एआई आधारित परियोजनाओं की झलक प्रस्तुत की गई।

यह पवेलियन राष्ट्रीय मंच पर राजस्थान की एआई क्षमताओं और डिजिटल गवर्नेंस में हो रही प्रगति को प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर साबित हुआ।

Next Story