
जयपुर: राजस्थान की जीवंत सांस्कृतिक परंपराओं और वैश्विक कलारूपों के संगम के रूप में पिंकफेस्ट 2026 का आयोजन 6 से 8 फरवरी 2026 तक राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर में किया जाएगा। यह तीन दिवसीय उत्सव कला, साहित्य और प्रदर्शनकारी विधाओं का ऐसा मंच होगा। जहाँ परंपरा और आधुनिकता का सशक्त संवाद देखने को मिलेगा। इसके चलते केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने पिंकफेस्ट 2026 का पोस्टर भी लॉन्च किया है।
पिंकफेस्ट में देश-विदेश के ख्यात कलाकार, लेखक, विचारक और संस्कृति-प्रेमी एक मंच पर एकत्र होंगे। इस दौरान 300 से अधिक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं द्वारा प्रस्तुत आर्ट इंस्टॉलेशन और पेंटिंग्स दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण रहेंगी। विशेष रूप से रूस, बेल्जियम, ऑस्ट्रेलिया और अमेरिका के कलाकारों की कृतियाँ उत्सव को अंतरराष्ट्रीय पहचान प्रदान करेंगी।
आयोजक सत्यजीत तालुकदार ने कहा कि कला और संस्कृति समाज की आत्मा होती हैं और पिंकफेस्ट उसी आत्मा को अभिव्यक्ति देने का माध्यम है। हमारा प्रयास है कि यह उत्सव नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़े और रचनात्मकता के नए द्वार खोले। इसी सांस्कृतिक दृष्टि के अंतर्गत पिंकफेस्ट 2026 के पोस्टर का विमोचन केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत द्वारा किया गया। जो इस उत्सव की राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय महत्ता को रेखांकित करता है। तीन दिवसीय इस सांस्कृतिक महोत्सव में 150 से अधिक वक्ताओं द्वारा कला संवाद, साहित्यिक संवाद, थिएटर वर्कशॉप, ओपन माइक, शास्त्रीय नृत्य-संगीत प्रस्तुतियाँ तथा राजस्थानी भाषा की फिल्मों पर विशेष संवाद सत्र आयोजित किए जाएंगे।





