राजस्थान

Jaipur: रिश्वत मांगने के आरोपों से घिरे अंता एसडीएम

Admindelhi1
19 Sept 2026 10:32 AM IST
Jaipur: रिश्वत मांगने के आरोपों से घिरे अंता एसडीएम
x
रिश्वत मांगने के मामले में अंता एसडीएम पर एफआईआर

जयपुर: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बारां जिले के अंता उपखंड अधिकारी हवाई सिंह यादव के खिलाफ रिश्वत मांगने का प्रकरण दर्ज किया है।

एसीबी डीजी गोविंद गुप्ता के अनुसार परिवादी ने शिकायत दी थी कि उसकी प्लानिंग की भूमि पर पूर्व उपखंड अधिकारी की ओर से लगाई गई आपत्ति हटाने के बदले वर्तमान एसडीएम की ओर से 5 लाख रुपए की रिश्वत मांगी जा रही है। इसके अलावा एक अन्य प्लानिंग की भूमि के एग्रीमेंट पर लगे स्टे को हटाने के बदले 50 हजार रुपए मांगे जाने की शिकायत भी की गई।

एसीबी कोटा इकाई के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय स्वर्णकार ने शिकायत का नियमानुसार गोपनीय सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान एसडीएम हवाई सिंह यादव की ओर से एग्रीमेंट पर लगे स्टे को हटाने के बदले 50 हजार रुपए की रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। परिवादी ने रिश्वत की राशि कम करने का अनुरोध किया तो आरोपी एसडीएम 45 हजार रुपए लेने पर सहमत हो गए। एसीबी के अनुसार एसडीएम ने यह राशि अपने कथित दलाल को देने के लिए कहा।

गोपनीय सत्यापन के बाद एसीबी की ओर से प्रस्तावित ट्रैप कार्रवाई की जानी थी, लेकिन इसकी भनक आरोपी एसडीएम को लग गई। इसके चलते रिश्वत राशि के लेन-देन की कार्रवाई नहीं हो सकी। हालांकि सत्यापन के दौरान रिश्वत की मांग किए जाने की पुष्टि होने पर एसीबी ने हवाई सिंह यादव के खिलाफ धारा 7 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (यथा संशोधित 2018) के तहत रिश्वत मांग का प्रकरण दर्ज कर लिया।

Next Story