
जयपुर: राजस्थान पुलिस अकादमी में 21 नवंबर को राज्य स्तरीय पुलिस सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन पुलिस महानिदेशक महानिरीक्षक पुलिस सम्मेलन 2024 के बिंदु संख्या 71 के अनुपालन में हो रहा है। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य केंद्र स्तर पर हुए डीजीपी-आईजीपी सम्मेलन में मिले सुझावों पर विचार करना और राज्य पुलिस की ओर से विभिन्न क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा करना है।
यह सम्मेलन ऑफलाइन तथा ऑनलाइन दोनों माध्यमों में आयोजित किया जाएगा, ताकि राज्य भर के अधिकारी बिना किसी बाधा के इसमें शामिल हो सकें। जयपुर मुख्यालय में कार्यरत सभी आईपीएस और आरपीएस अधिकारी व्यक्तिगत रूप से उपस्थित रहेंगे, जबकि विभिन्न रेंजों और जिलों में तैनात आईजी, डीआईजी, एसपी, अतिरिक्त एसपी और डिप्टी एसपी स्तर के अधिकारी ऑनलाइन माध्यम से जुड़ेंगे।
उद्घाटन सत्र के मुख्य अतिथि पुलिस महानिदेशक राजीव शर्मा होंगे। सम्मेलन में केंद्र सरकार के डीजीपी–आईजीपी सम्मेलन 2024 में प्रस्तुत महत्वपूर्ण सुझावों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। इसके साथ ही राजस्थान पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्था, कानून-व्यवस्था, तकनीक के उपयोग और प्रशासनिक सुधारों से जुड़े क्षेत्रों में किए जा रहे प्रयासों की भी समीक्षा की जाएगी।





