राजस्थान

Jaipur: जयपुर में पुरुषोत्तम मास के अवसर पर भक्ति का माहौल

Admindelhi1
18 May 2026 11:05 AM IST
Jaipur: जयपुर में पुरुषोत्तम मास के अवसर पर भक्ति का माहौल
x
कथा और कीर्तन से जयपुर हुआ भक्तिमय

जयपुर: ज्येष्ठ अधिक मास एवं पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर राजधानी जयपुर में विभिन्न धार्मिक आयोजनों, भागवत कथाओं, रामकथा, संकीर्तन और महायज्ञों का दौर जारी है। शहर के मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है तथा पूरा वातावरण भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर नजर आ रहा है।

आदर्श नगर स्थित भाटिया भवन में श्री भाटिया बिरादरी प्रबंध समिति की ओर से 24 मई तक 108 श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। कथा के प्रथम दिवस पर गोकुल के आचार्य सुरेश शास्त्री ने भागवत महात्म्य, प्रथम स्कंध, कुंती स्तुति एवं भीष्म स्तुति का भावपूर्ण वर्णन करते हुए कहा कि कलियुग में भगवान प्राप्ति का सबसे सरल माध्यम भागवत कथा श्रवण है। श्रद्धालुओं ने “हरे कृष्ण” और “राधे-राधे” के जयकारों के बीच कथा का रसपान किया।

वहीं जगतपुरा स्थित गुप्त वृंदावन धाम में ‘श्री ब्रह्म संहिता कथा’ का शुभारंभ हुआ। कथा व्यास अनंतशेष प्रभु ने पुरुषोत्तम मास को सभी महीनों में श्रेष्ठ बताते हुए भक्ति, साधना, हरिनाम जाप और सेवा के महत्व पर प्रकाश डाला। कथा के दौरान हरिनाम संकीर्तन और वैष्णव भजनों से पूरा परिसर गुंजायमान रहा। इधर गोवर्धननाथ जी मंदिर में 11 दिवसीय श्रीमद्भागवत एकादश एवं मूल श्लोक परायण महोत्सव प्रारंभ हुआ। शोभायात्रा के साथ शुरू हुए इस आयोजन में प्रतिदिन बड़ौदा के गिरिराज शास्त्री द्वारा श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण कराया जा रहा है। महोत्सव के दौरान 56 भोग, फूल बंगला, कमल तलाई और विभिन्न मनोहारी झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

गलता गेट स्थित गीता गायत्री मंदिर में 23 मई तक रामकथा का आयोजन किया जा रहा है। पातालपुरी पीठाधीश्वर बालक देवाचार्य महाराज व्यासपीठ से भक्तों को रामकथा का रसपान करा रहे हैं। कथा शुभारंभ से पूर्व 108 पोथियों एवं 108 कलशों की भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें महिलाओं ने पीत वस्त्र धारण कर मंगलगीत गाए। महावीर नगर स्थित श्री राम मंदिर में हरिनाम संकीर्तन परिवार के तत्वावधान में पांच दिवसीय श्री भरत चरित्र कथा का आयोजन किया जा रहा है। व्यासपीठ से अकिंचन महाराज भगवान राम और भरत जी के आदर्श चरित्र का वर्णन कर रहे हैं।

उधर गोविंद देव जी मंदिर में अखिल विश्व गायत्री परिवार की ओर से श्री नारायण पंचकुंडीय गायत्री महायज्ञ आयोजित किया गया। महंत अंजन कुमार गोस्वामी के सानिध्य में हुए इस आयोजन में 300 से अधिक श्रद्धालुओं ने विश्व शांति, मानव कल्याण और राष्ट्र उन्नति की कामना से आहुतियां अर्पित कीं। कार्यक्रम में गायत्री महामंत्र एवं महामृत्युंजय मंत्र से विशेष आहुतियां दी गईं तथा पर्यावरण संरक्षण एवं जीवदया का संदेश भी दिया गया।

Next Story