राजस्थान

Jaipur: चुनावी तैयारियों के बीच प्रशासनिक फेरबदल, 41 नगर पालिका अधिकारी स्थानांतरित

Admindelhi1
17 Aug 2026 10:13 AM IST
Jaipur: चुनावी तैयारियों के बीच प्रशासनिक फेरबदल, 41 नगर पालिका अधिकारी स्थानांतरित
x
नगर पालिका अधिकारियों के तबादले, चुनाव से पहले 41 अधिकारियों को बदला

जयपुर: निकाय चुनाव से पहले स्वायत्त शासन विभाग ने 41 नगर पालिका अधिकारियों के ट्रांसफर पोस्टिंग के आदेश जारी किए हैं। लंबे समय से एपीओ यानी अवेटिंग पोस्टिंग ऑर्डर चल रहे 24 अधिकारियों को विभाग की ओर से नई जिम्मेदारी दी गई है, जबकि 11 अधिकारियों को एपीओ किया गया है। जारी आदेश अनुसार ट्रांसफर लिस्ट में 24 ऐसे अधिकारी शामिल हैं, जो लंबे समय से एपीओ चल रहे थे। विभाग ने इन अधिकारियों को अलग-अलग नगरीय निकायों में आयुक्त, अधिशासी अधिकारी और राजस्व अधिकारी सहित विभिन्न पदों पर पदस्थापित किया है। इन अधिकारियों को नई जिम्मेदारी मिलने के बाद संबंधित नगर पालिकाओं और नगर परिषदों में प्रशासनिक कामकाज को गति मिलने की उम्मीद है। लंबे समय से रिक्त चल रहे पदों पर भी अधिकारियों की नियुक्ति हो सकेगी।

स्वायत्त शासन विभाग की ओर से जारी तबादला आदेश में नगर पालिका सेवा के अलग-अलग स्तर के अधिकारी शामिल हैं। इनमें वरिष्ठ आयुक्त, आयुक्त, अधिशासी अधिकारी और राजस्व अधिकारी स्तर के अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। विभाग ने प्रशासनिक जरूरत और विभिन्न नगरीय निकायों में उपलब्ध पदों के आधार पर अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी हैं। इसके साथ ही कुछ अधिकारियों को वर्तमान पद से हटाकर दूसरे निकायों में लगाया गया है। निकाय चुनाव से पहले प्रशासनिक बदलाव अहम राजस्थान में नगरीय निकाय चुनावों की तैयारियों के बीच स्वायत्त शासन विभाग की ओर से किए गए इन तबादलों को प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रदेश के नगरीय निकायों में चुनावी गतिविधियां तेज होने के साथ अधिकारियों की भूमिका भी महत्वपूर्ण हो गई है।

नगर पालिकाओं और नगर परिषदों में आयुक्त, अधिशासी अधिकारी और राजस्व अधिकारियों के स्तर पर होने वाले ये बदलाव स्थानीय प्रशासन के कामकाज पर सीधा असर डालेंगे। वहीं लंबे समय से एपीओ चल रहे अधिकारियों को पोस्टिंग मिलने से विभाग में पेंडिंग प्रशासनिक व्यवस्थाओं को भी व्यवस्थित करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।

Next Story