राजस्थान

Jaipur: अवैध गैस कारोबार पर प्रशासन का शिकंजा

Admindelhi1
28 Feb 2026 10:48 AM IST
Jaipur: अवैध गैस कारोबार पर प्रशासन का शिकंजा
x

जयपुर: खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा के निर्देश पर घरेलू एलपीजी की कालाबाजारी, अवैध रिफिलिंग और दुरुपयोग के खिलाफ प्रदेशभर में दो सप्ताह का विशेष सघन अभियान चलाया गया। 16 फरवरी से 27 फरवरी तक चले इस अभियान में विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 3080 घरेलू एवं व्यावसायिक गैस सिलेंडर जब्त किए और 634 प्रकरण दर्ज किए।

खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग द्वारा गठित विशेष प्रवर्तन दलों ने सभी जिलों में गैस एजेंसियों, गोदामों, होटल-ढाबों और संदिग्ध ठिकानों पर “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत दबिश दी। अभियान के दौरान कुल 2416 प्रतिष्ठानों और संदिग्ध स्थलों की गहन जांच की गई। गंभीर अनियमितता पाए जाने पर 17 मामलों में एफआईआर दर्ज करवाई गई है, जबकि अन्य मामलों में आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

मुख्यमंत्री रसोई गैस सब्सिडी योजना की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए 3967 लाभार्थियों का मौके पर भौतिक सत्यापन भी किया गया। मंत्री गोदारा ने अभियान की समीक्षा करते हुए कहा कि घरेलू गैस सिलेंडर का व्यावसायिक उपयोग और अवैध रिफिलिंग आर्थिक अपराध होने के साथ-साथ आमजन की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भविष्य में भी औचक निरीक्षण और विशेष अभियान नियमित रूप से जारी रखे जाएं।

विभाग ने चेतावनी दी है कि घरेलू गैस का अवैध भंडारण या दुरुपयोग करने वाले किसी भी व्यक्ति या एजेंसी को बख्शा नहीं जाएगा। सरकार का उद्देश्य है कि प्रत्येक पात्र परिवार को पारदर्शी व्यवस्था के तहत सब्सिडी और गैस आपूर्ति बिना किसी बाधा के सुनिश्चित की जा सके।

Next Story