राजस्थान

Jaipur: पोस्ट मैट्रिक स्कॉलरशिप के लिए मिला अतिरिक्त समय

Admindelhi1
1 May 2026 4:50 PM IST
Jaipur: पोस्ट मैट्रिक स्कॉलरशिप के लिए मिला अतिरिक्त समय
x
"31 तक भरें छात्रवृत्ति फॉर्म"

जयपुर: सरकार ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 की उत्तर मैट्रिक छात्रवृत्ति योजनाओं के अंतर्गत आवेदन करने वाले विद्यार्थियों को बड़ी राहत देते हुए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 31 मई कर दी है।

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत के निर्देश पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने यह निर्णय किया।

पूर्व में छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तिथि 30 अप्रैल निर्धारित थी, लेकिन विभागीय प्रक्रियाओं को सुचारु रूप से पूरा करने और अधिक से अधिक पात्र विद्यार्थियों को योजना से जोड़ने के उद्देश्य से एक माह का अतिरिक्त समय दिया गया है।

मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विद्यार्थियों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कोई भी पात्र छात्र छात्रवृत्ति के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने बताया कि विभागीय छात्रवृत्ति पोर्टल पर शिक्षण संस्थानों के पंजीयन एवं नवीनीकरण, कोर्स मैपिंग, मान्यता अद्यतन और पाठ्यक्रमवार फीस संरचना अपलोड करने की प्रक्रियाओं को पूर्ण करने के लिए यह अतिरिक्त समय दिया गया है।

उन्होंने कहा कि विस्तृत दिशा-निर्देश, पात्रता शर्तें और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।

विद्यार्थियों और शिक्षण संस्थानों से अपील की गई है कि वे 31 मई तक सभी आवश्यक दस्तावेज एवं प्रक्रियाएं समय पर पूर्ण कर लें, ताकि अधिक से अधिक योग्य छात्रों को छात्रवृत्ति योजना का लाभ मिल सके।

राज्य सरकार के इस निर्णय से हजारों विद्यार्थियों को राहत मिलने की संभावना है, विशेषकर वे छात्र जो किसी तकनीकी या संस्थागत कारण से समय पर आवेदन प्रक्रिया पूरी नहीं कर पाए थे। यह कदम शिक्षा को बढ़ावा देने और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के विद्यार्थियों को सहयोग प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Next Story