राजस्थान

Jaipur: भगवान जगन्नाथ के लिए तैयार किया गया हाईटेक हाइड्रोलिक रथ

Admindelhi1
15 July 2026 1:23 PM IST
Jaipur: भगवान जगन्नाथ के लिए तैयार किया गया हाईटेक हाइड्रोलिक रथ
x
हाइड्रोलिक सिस्टम से सजे रथ पर विराजेंगे भगवान जगन्नाथ

जयपुर: भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा की भव्य रथयात्रा गुरुवार को जयपुर में श्रद्धा और उल्लास के साथ निकाली जाएगी। गुप्त वृन्दावन धाम की ओर से आयोजित इस रथयात्रा में भगवान विशेष रिमोट आधारित हाइड्रोलिक रथ पर सवार होकर नगर भ्रमण करेंगे। आयोजकों का दावा है कि पुरी की तर्ज पर आयोजित होने वाली इस यात्रा में शहरभर से लाखों श्रद्धालु भगवान के दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। पूरे मार्ग पर जय जगन्नाथ के उद्घोष से गुलाबी नगरी भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहेगी।

गुप्त वृन्दावन धाम के अध्यक्ष अमितासना दास ने बताया कि भगवान जगन्नाथ के लिए विशेष रूप से रिमोट आधारित हाइड्रोलिक रथ तैयार किया गया है। इसकी सबसे बड़ी विशेषता यह है कि मार्ग में आने वाले बिजली के तारों से सुरक्षित निकासी के लिए रथ की ऊंचाई आवश्यकता अनुसार कम या अधिक की जा सकेगी। रथ को पुरी की परंपरा के अनुरूप लाल और पीले रंग के विशेष वस्त्रों से सजाया गया है।

रथयात्रा जयपुर होटल से प्रारंभ होकर शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए श्री शिव सत्संग भवन, रामनिवास बाग पहुंचेगी, जहां महाआरती के साथ यात्रा का समापन होगा। यात्रा के दौरान भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

आयोजकों के अनुसार परंपरा के निर्वहन में रथयात्रा से एक दिन पूर्व जयपुर के विभिन्न मंदिरों में विशेष मंदिर मार्जन सेवा (मंदिरों की सफाई) भी की जाएगी। अमितासना दास ने बताया कि भगवान श्रीकृष्ण वृन्दावनवासियों के निष्काम प्रेम को देखकर भावविभोर हो गए थे। उसी दिव्य प्रेम की स्मृति में प्रतिवर्ष रथयात्रा का आयोजन किया जाता है। धार्मिक मान्यता है कि रथ पर विराजमान भगवान जगन्नाथ के दर्शन और आशीर्वाद प्राप्त करने से मनुष्य पापों से मुक्त होकर भगवान के दिव्य प्रेम की अनुभूति करता है।

Next Story