राजस्थान

Jaipur: लोकमंथन यात्रा में उमड़ी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की झलक

Admindelhi1
21 Sept 2026 3:31 PM IST
Jaipur: लोकमंथन यात्रा में उमड़ी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की झलक
x
जयपुर में लोकमंथन यात्रा में दिखी सांस्कृतिक झलक

जयपुर: लोकमंथन–2026 के तहत सोमवार को जयपुर में ‘लोकमंथन यात्रा जयपुर महानगर’ का आयोजन किया गया। गोविंद देवजी मंदिर में दर्शन के बाद जलेबी चौक से उपमुख्यमंत्री एवं लोकमंथन–2026 आयोजन समिति की अध्यक्ष दीया कुमारी ने यात्रा रथ को रवाना किया। यात्रा के दौरान ‘हम भारत के लोग’ के संदेश के साथ बड़ी संख्या में नागरिकों, प्रबुद्धजनों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।

यात्रा के मार्ग को आकर्षक रंगोलियों से सजाया गया था। शहर के विभिन्न स्थानों पर व्यापार मंडलों और समाजजनों की ओर से पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया गया। इससे यात्रा मार्ग पर उत्सवी माहौल नजर आया। यात्रा में क्रीड़ा भारती से जुड़े राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों ने भी भाग लिया। खिलाड़ियों ने साइकिलिंग, स्केटिंग, फुटबॉल, कबड्डी और सतोलिया सहित पारंपरिक एवं आधुनिक खेल गतिविधियों का प्रदर्शन कर लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

मीडिया से बातचीत में उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि आगामी 4 से 6 दिसंबर तक जयपुर में प्रस्तावित लोकमंथन–2026 के पूर्व-आयोजन के रूप में यह यात्रा समाज जागरण और समाज को जोड़ने के उद्देश्य से निकाली गई है। उन्होंने कहा कि भारत की सांस्कृतिक परंपरा मूल रूप से लोक आधारित रही है और लोक जीवन के मूल्य प्रकृति एवं पर्यावरण के साथ सामंजस्य तथा सतत जीवनशैली को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने कहा, “लोक से जुड़ाव ही लोककल्याण का आधार है और लोकमंथन से लोकमंगल का मार्ग प्रशस्त होगा।”

लोकमंथन यात्रा हवामहल, बड़ी चौपड़ और अल्बर्ट हॉल होते हुए महारानी कॉलेज पहुंची। यहां लोक साहित्य, लोक संस्कृति, भारतीय ज्ञान परंपरा सहित विभिन्न विषयों पर आधारित कार्यक्रमों की शुरुआत हुई। आगामी 4 से 6 दिसंबर तक होने वाला लोकमंथन–2026 जयपुर में प्रस्तावित है।

Next Story