राजस्थान

Jaipur: मानसून के बीच राजस्थान में सूखा दिन, 15 शहरों में 35 डिग्री से ऊपर तापमान

Admindelhi1
29 Aug 2026 2:13 PM IST
Jaipur: मानसून के बीच राजस्थान में सूखा दिन, 15 शहरों में 35 डिग्री से ऊपर तापमान
x
मानसून की बेरुखी, राजस्थान में कहीं नहीं बरसे बादल, 15 शहरों में पारा चढ़ा

जयपुर: राजस्थान में मानसून के आने के बाद शुक्रवार ऐसा पहला दिन रहा, जब प्रदेश में कहीं भी बारिश नहीं हुई। बारिश थमने और दिनभर तेज धूप रहने से गर्मी फिर बढ़ गई। जयपुर, टोंक, अलवर समेत प्रदेश के 15 शहरों में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस या इससे अधिक मापा गया। वहीं श्रीगंगानगर में पारा 40 डिग्री के करीब पहुंच गया।

मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार जयपुर, उदयपुर, कोटा, भरतपुर, अजमेर और जोधपुर संभाग के अधिकांश इलाकों में शुक्रवार को आसमान साफ रहा और दिनभर धूप खिली रही। कई शहरों में अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस तक उतार-चढ़ाव होता रहा। सबसे अधिक गर्मी श्रीगंगानगर में रही, जहां तापमान 40 डिग्री के करीब पहुंच गया।

इस मानसून सीजन में बारिश कमजोर रहने के कारण प्रदेश के 17 जिलों में सूखे जैसे हालात बनने लगे हैं। इनमें जयपुर भी शामिल है।

प्रदेश में अब तक सबसे कम बारिश पाली जिले में हुई है। इसके अलावा जालोर, बांसवाड़ा, जैसलमेर और उदयपुर भी कम बारिश वाले प्रमुख जिलों में शामिल हैं। मानसून की कमजोर गतिविधियों के कारण किसानों और जलस्रोतों पर भी इसका असर दिखाई देने लगा है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार सितंबर के पहले सप्ताह में बंगाल की खाड़ी में एक नया मौसम तंत्र बनने की संभावना है। इसके प्रभाव से राजस्थान में 4-5 सितंबर से मानसून के दोबारा सक्रिय होने की उम्मीद है।

वर्तमान में मानसून ट्रफ अपनी सामान्य स्थिति से उत्तर की ओर खिसकी हुई है और अमृतसर, देहरादून तथा लखीमपुर खीरी होते हुए बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है। आगामी दिनों में इसके सामान्य स्थिति में लौटने की संभावना है। इसके बाद प्रदेश में बारिश की गतिविधियां फिर बढ़ सकती हैं।

मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक सितंबर के पहले सप्ताह के अंत तक मानसून का यह ब्रेक खत्म होने की उम्मीद है। यदि बंगाल की खाड़ी में बनने वाला सिस्टम प्रभावी रहा तो राजस्थान के बारिश से वंचित इलाकों को भी राहत मिल सकती है।

Next Story