जयपुर: जयपुर आए बेंगलुरु के व्यापारी का आठ लाख रुपयों से भरा बैग हुआ चोरी, पुलिस जांच में जुटी

राजस्थान क्राइम न्यूज़: माणक चौक थाना इलाके में कपड़ों के व्यापार के सिलसिले में बेंगलुरु से जयपुर आए एक व्यापारी का हनुमान मंदिर से 8 लाख रुपयों से भरा बैग चोरी हो गया। इस संबंध में होलसेल कपड़ों का व्यापार करने वाले बेंगलुरु के व्यापारी ने मामला दर्ज करवाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच में जुटी है।
जांच अधिकारी हैड कांस्टेबल शिवराज सिंह ने बताया कि बेंगलुरु निवासी व्यापारी अभिनंदन गांधी ने मामला दर्ज करवाया है कि वह जयपुर, अहमदाबाद और मुंबई से कुर्ती खरीदने व बेचने का काम करता है और बेंगलुरु से ट्रेन में सवार होकर जयपुर पहुंचा और फिर उसके बाद सांगानेरी गेट स्थित हनुमान मंदिर में अपने साथ एक लाल रंग का बड़ा बैग लेकर पहुंचा, जिसमें कुर्तियां और अन्य कपड़े मौजूद थे और के साथ ही एक पीले रंग का छोटा बैग भी मौजूद था जिसमें 8 लाख रुपए रखे हुए थे। बैग को मंदिर में ही एक किनारे रख दिया और फिर पूजा पाठ करने लग गया। पूजा पाठ करने के बाद जब व्यापारी ने अपना बैग देखा तो वह गायब मिला। इस पर व्यापारी ने मंदिर में इधर-उधर बैग तलाशा और पुजारी से बैग के बारे में पूछा। इस पर पुजारी ने मंदिर के अंदर से लाल रंग का बैग लाकर व्यापारी को दे दिया और कहा कि कोई व्यक्ति बैग लावारिस समझ कर उसे दे गया था।जहां पुजारी के बैग दिए जाने के बाद जब पीड़ित व्यापारी ने बैग खोलकर देखा तो बैग में रखा आठ लाख रुपयों से भरा पीले रंग का छोटा बैग गायब मिला। इसके बाद व्यापारी थाने पहुंच कर आठ लाख रुपए से भरा पीला बैग चोरी होने का मामला दर्ज करवाया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर मंदिर के आसपास लगे हुए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।





