राजस्थान

Jaipur: राजस्थान में 8 उप जिला अस्पतालों को मिलेंगे नए भवन, सरकार ने मंजूर किए 280 करोड़

Admindelhi1
20 Aug 2026 5:06 PM IST
Jaipur: राजस्थान में 8 उप जिला अस्पतालों को मिलेंगे नए भवन, सरकार ने मंजूर किए 280 करोड़
x
राजस्थान में स्वास्थ्य ढांचे को मिलेगी मजबूती, 8 अस्पतालों के नए भवनों पर 280 करोड़ खर्च

जयपुर: राजस्थान में स्वास्थ्य सेवाओं के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। प्रदेश के आठ क्रमोन्नत उप जिला चिकित्सालयों के नए भवनों के निर्माण के लिए कुल 280 करोड़ रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति जारी की गई है। प्रत्येक उप जिला चिकित्सालय के भवन निर्माण पर 35 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। नए भवन तैयार होने के बाद संबंधित क्षेत्रों के लोगों को इलाज के लिए दूर बड़े अस्पतालों पर निर्भरता कम होने की उम्मीद है।

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में सरकार प्रदेश में चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार और स्वास्थ्य सेवाओं के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने पर लगातार काम कर रही है। सरकार का लक्ष्य है कि आमजन को उनके घर के नजदीक ही बेहतर और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हों। इसी उद्देश्य से अस्पतालों के भवनों के साथ चिकित्सा सुविधाओं और आवश्यक संसाधनों को भी मजबूत किया जा रहा है।

प्रमुख शासन सचिव (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य) गायत्री राठौड़ ने बताया कि नए एवं सुदृढ़ अस्पताल भवनों के निर्माण से संबंधित क्षेत्रों में चिकित्सा सेवाओं का विस्तार होगा। आधुनिक सुविधाओं से युक्त भवन तैयार होने के बाद मरीजों को स्थानीय स्तर पर बेहतर उपचार और स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

सरकार की स्वीकृति के तहत सूरतगढ़ (श्रीगंगानगर), बिलाड़ा (जोधपुर), देचू (फलोदी), खाजूवाला (बीकानेर), प्रतापपुर (बांसवाड़ा), रायपुर (ब्यावर), खण्डार (सवाई माधोपुर) और छबड़ा (बारां) के उप जिला चिकित्सालयों के भवन निर्माण के लिए प्रत्येक को 35 करोड़ रुपए दिए गए हैं। इस तरह आठों अस्पतालों के लिए कुल 280 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत हुई है।

इन भवनों के निर्माण से अस्पतालों का आधारभूत ढांचा मजबूत होने के साथ स्थानीय लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने का रास्ता साफ होगा। सरकार का मानना है कि मजबूत अस्पताल ढांचा तैयार होने से मरीजों को समय पर उपचार मिल सकेगा और ग्रामीण एवं कस्बाई क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और बेहतर होगी।

सरकार की इस स्वीकृति को प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अब इन आठ क्षेत्रों में नए अस्पताल भवनों के निर्माण के बाद मरीजों को आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होने की उम्मीद है।

Next Story