राजस्थान
Jaipur: 75 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी, मीडिया को बताया समाज का पथ-प्रदर्शक
Tara Tandi
19 July 2025 3:22 PM IST

x
Jaipur जयपुर । मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि मीडिया अपनी खबरों के माध्यम से समाज को सकारात्मक दिशा देने का कार्य कर देश और प्रदेश की प्रगति में उल्लेखनीय भूमिका निभाता है। साथ ही, युवाओं को प्रेरणा देकर जीवन में सफल बनाने में भी महत्वपूर्ण माध्यम बनता है। उन्होंने कहा कि समाचार-पत्र हमारे लोकतंत्र के चौथे स्तंभ माने जाते हैं। लेकिन आपातकाल के समय इस स्तंभ को कमजोर करने और गिराने की कोशिश की गई। उस समय मीडिया की सेंसरशिप तो की ही गई, साथ ही अनेक दिग्गज पत्रकारों को जेलों की सलाखों के पीछे भी पहुंचा दिया गया।
श्री शर्मा शुक्रवार को जयपुर में दैनिक भास्कर अवॉर्ड समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि समाचार पत्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवा सामान्य ज्ञान के लिए पढ़ते हैं। लेकिन यह विडंबना ही है कि गत सरकार के समय उन्हें दिन-रात मेहनत करने के बावजूद नौकरी नहीं मिली। जो गिनी-चुनी भर्तियां निकलीं, वे भी पेपरलीक की भेंट चढ़ गईं। श्री शर्मा ने कहा कि हमारी सरकार ने युवाओं के सपनों को साकार करते हुए अब तक 75 हजार से अधिक सरकारी नियुक्तियों का तोहफा दिया है और वर्ष 2025 में 81 हजार से अधिक पदों पर भर्ती का कैलेंडर भी जारी किया है। उन्होंने कहा कि गुरुवार को एक साथ 26 हजार से अधिक पदों के लिए विज्ञप्तियां भी निकाली गई हैं।
डेढ़ वर्ष में हुए पूर्ववर्ती सरकार की तुलना में अधिक कार्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने डेढ़ वर्ष में ही पूर्ववर्ती सरकार के पांच साल के कार्यकाल की तुलना में कहीं अधिक विकास कार्य किए हैं। रामजल सेतु लिंक परियोजना, यमुना जल समझौता, देवास परियोजना जैसी विभिन्न योजनाओं तथा इंदिरा गांधी नहर एवं गंगनहर के माध्यम से पानी की उपलब्धता सुनिश्चित की है। साथ ही, प्रदेश को बिजली के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाकर वर्ष 2027 तक किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध कराना भी हमारा लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने प्रदेश में आधारभूत ढांचा सुदृढ़ करने की दिशा में पिछले दोनों बजटों में पर्याप्त धनराशि का प्रावधान किया है। 9 ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे तथा जयपुर मेट्रो रेल परियोजना के अगले चरण पर भी कार्य किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त 450 रुपये में रसोई गैस सिलेंडर देने के साथ ही लखपति दीदी योजना एवं लाडो प्रोत्साहन योजना के माध्यम से महिला सशक्तीकरण किया जा रहा है।
वर्ष 2014 के बाद देश में आया ऐतिहासिक परिवर्तन
मुख्यमंत्री ने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2014 के बाद देश में ऐतिहासिक परिवर्तन आया है। प्रधानमंत्री जी ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के माध्यम से लिंगानुपात में सुधार के साथ ही स्वच्छ भारत तथा एक पेड़ मां के नाम जैसे अभियानों के जरिए पर्यावरण के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय पहल की है। अब गरीब कल्याण की परिभाषा बदल चुकी है। केन्द्र सरकार द्वारा विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत भेजी जाने वाली पूरी राशि हकदार तक पहुंचती है।
श्री शर्मा ने कहा कि जिन प्रतिभाशाली व्यक्तियों को कार्यक्रम में सम्मानित किया गया है वे सभी अपने-अपने क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रहे हैं। उनकी बातों का समाज पर गहरा प्रभाव पड़ता है और लोग उनका अनुसरण करते हैं। इसलिए ऐसे लोगों को जिम्मेदार नागरिक का कर्तव्य निभाते हुए समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक केन्द्र और राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने में सहयोग करना चाहिए।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने गमले में तुलसी का बीजारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली हस्तियों को सम्मानित किया। समारोह में दैनिक भास्कर समाचार पत्र के नेशनल एडिटर श्री लक्ष्मीप्रसाद पंत सहित पत्रकारिता जगत व अन्य क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
TagsJaipur 75 हजार युवाओंसरकारी नौकरीमीडिया बताया समाजपथ-प्रदर्शकJaipur 75 thousand youthgovernment jobsmedia told societypath-finderजनता से रिश्ता न्यूज़जनता से रिश्ताजनता से रिश्ता.कॉमआज की ताजा न्यूज़हिंन्दी न्यूज़भारत न्यूज़खबरों का सिलसिलाआज की ब्रेंकिग न्यूज़आज की बड़ी खबरमिड डे अख़बारJanta Se Rishta NewsJanta Se RishtaToday's Latest NewsHindi NewsIndia NewsKhabron Ka SilsilaToday's Breaking NewsToday's Big NewsMid Day Newspaperजनताjantasamachar newssamacharहिंन्दी समाचार
Next Story





