राजस्थान

जयपुर: 13 किलो सोने के साथ पकड़े गए 6 तस्कर, पिछले महीने पकड़ा था 2 किलो 300 ग्राम सोना

SANTOSI TANDI
3 Oct 2023 8:25 AM GMT
जयपुर: 13 किलो सोने के साथ पकड़े गए 6 तस्कर, पिछले महीने पकड़ा था 2 किलो 300 ग्राम सोना
x
पिछले महीने पकड़ा था 2 किलो 300 ग्राम सोना
राजस्थान की राजधानी जयपुर में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 13 किलो सोना के साथ 6 युवकों को गिरफ्तार किया है। जयपुर पुलिस आयुक्त बीजू जॉर्ज जोसेफ के निर्देशन में इसे अंजाम दिया गया। सोने की कीमत 10 करोड़ आंकी गई है। कमिश्नरेट स्पेशल टीम ने जवाहर सर्किल थाना इलाके में बड़ी कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार बीती रात ही ये युवक विदेश से आए थे। एडिश्ननल पुलिस कमिश्नर कैलाश विश्नोई के पास मुखबिर से सूचना आई थी। विदेश से सोना लेकर एयरपोर्ट आने व एयरपोर्ट से जवाहर सर्किल इलाके में जाने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई कर नाकाबंदी की। चेकिंग में युवकों के पास 13 किलो सोना मिला। अब कमिश्नरेट टीम युवकों से पूछताछ कर रही है।
दो जने लाए थे, चार जने लेने आए
पुलिस के अनुसार सोना दुबई से तस्करी करके लाया गया था। लेकिन इसे एयरपोर्ट से आसानी से बाहर निकालने में सफल रहे। कुल 12 किलो 467 ग्राम सोना बरामद किया गया है। आरोपियों की दो लग्जरी कार भी बरामद कर ली गई है। पुलिस ने सोना तस्करी के मामले में बीकानेर के मुक्ता प्रसाद नगर निवासी जिशान अली, सोहन सिंह भाटी, नंदलाल भोपा, सीकर निवासी इरफान, मोहम्मद अयूब व खलील खान को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दो जने सोना लाए थे जबकि 4 जने लेने के लिए आए थे।
पहले भी हो चुकी है बड़ी कार्रवाई
गौरतलब है कि इससे पहले सितंबर में भी सोने की तस्करी पकड़ी गई थी। 7 सितंबर को जयपुर एयरपोर्ट पर डीआरआई अधिकारियों ने एक पैसेंजर से 1 करोड़ 40 लाख रुपए का सोना बरामद किया था। यात्री सोना अंडरवियर और लोअर की वेस्ट में छिपा कर ला रहा था। प्रारम्भिक पूछताछ में पैसेंजर ने गोल्ड होने की जानकारी डीआरआई को नहीं दी। बाद में सर्च के दौरान टीम को गोल्ड मिला।
गोल्ड पेस्ट फॉर्म में था। इसका वजन 2 किलो 700 ग्राम निकला।इसके बाद सोने को रिफाइंड किया गया। इसमें शुद्ध सोना 2 किलो 300 ग्राम निकला। इस की बाजार कीमत 1 करोड़ 40 लाख रुपए बताई जा रही है। गोल्ड तस्कर चूरू का रहने वाला है। डीआरआई के अधिकारियों के मुताबिक शारजाह से जयपुर आई फ्लाइट में गोल्ड तस्कर होने की जानकारी टीम को मिली। टीम ने एक्टिव होकर पैसेंजरों की जांच करना शुरू किया। इस दौरान टीम को एक युवक मिला। जांच के लिए कहा गया तो पैसेंजर ने पहले इनकार किया। इसके बाद पैसेंजर के सामान की जांच की गई।
Next Story