राजस्थान
Jaipur: प्रदेश में पांच वर्ष में लगाए जाएंगे 50 करोड़ पौधे- मुख्यमंत्री शर्मा
Tara Tandi
28 July 2025 2:30 PM IST

x
Jaipur जयपुर । मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार राजस्थान को हरा-भरा और खुशहाल प्रदेश बनाने के लिए पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सतत् रूप से कार्य कर रही है। हमने यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान से प्रेरणा लेकर मिशन 'हरियालो राजस्थान' की शुरुआत की है। इस अभियान के तहत पांच साल में 50 करोड़ पौधे लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस साल हम जनभागीदारी से 10 करोड़ पौधे लगाने जा रहे हैं। हरियाली तीज पर एक दिन में ढाई करोड़ पौधे लगाकर एक नया रिकॉर्ड बन रहा है।
श्री शर्मा रविवार को सीकर जिले के ग्राम मंडावरा में जिलास्तरीय वन महोत्सव के तहत आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पिछले साल 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने एक पेड़ मां के नाम अभियान की शुरुआत की थी। हमने पिछले वर्ष एक पेड़ मां के नाम अभियान और हरियालो राजस्थान मिशन के तहत 7 करोड़ से अधिक पौधे लगाए थे। प्रधानमंत्री जी ने भी मन की बात कार्यक्रम में राज्य सरकार की इस उपलब्धि की सराहना की थी। उन्होंने कहा कि हमारे इस प्रयास को प्रकृति का भी साथ मिला और अच्छी बारिश हुई। प्रदेश के सभी बांध पूरी तरह भर गए थे। इस वर्ष जुलाई माह में ही आधे से अधिक बांध भर चुके हैं।
राज्य सरकार सहेज रही वृक्ष संरक्षण की परंपरा—
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाली तीज के पावन अवसर पर प्रदेश में 76वें वन महोत्सव का शुभारंभ हुआ है। हमारी संस्कृति में पर्यावरण संरक्षण का बहुत महत्व है। पर्यावरण प्रेमी अमृता देवी ने अपनी तीन बेटियों समेत 363 लोगों के साथ वृक्षों को बचाने के लिए अपने प्राणों की आहूति दे दी थी। हम उनकी वृक्ष संरक्षण की परंपरा को सहेजने के लिए जोधपुर के खेजड़ली में अमृतादेवी इंडिजिनस प्लांट म्यूजियम बनवा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के विभिन्न नगरीय क्षेत्रों में अर्बन ग्रीन लंग्स के महत्व को ध्यान में रखते हुए केंद्र सरकार के सहयोग से नगर वन स्थापित कर रही है। इनमें से 22 नगर वन स्थापना का काम चल रहा है तथा 18 अन्य नगर वनों की स्थापना के प्रस्ताव केंद्र सरकार को भिजवाए गए हैं।
श्री शर्मा ने कहा कि हम एक जिला एक प्रजाति कार्यक्रम लागू करते हुए प्रत्येक जिले की मुख्य वानस्पतिक प्रजाति और सहायक प्रजातियों को बढ़ावा दे रहे हैं। हरित अरावली विकास परियोजना के अंतर्गत 250 करोड़ रुपये से राज्य के 19 अरावली जिलों में इस मानसून में 3 हजार 700 हेक्टेयर क्षेत्र में अग्रिम मृदा कार्य करवाकर अगले वर्ष पौधारोपण करेंगे। साथ ही, बाड़मेर, जैसलमेर जैसे मरुस्थलीय जिलों में स्थानीय प्रजातियों का पौधरोपण कर हरित क्षेत्र में वृद्धि भी की जा रही है। हमनें वन भूमि और गैर-वन भूमि पर वृक्षारोपण गतिविधियों के साथ ही वन्य जीवों के समुचित पालन और सुरक्षा में स्वेच्छा से योगदान देने वाले 3 हजार 500 से अधिक स्थानीय व्यक्तियों को वन मित्र बनाया है।
हम जनता से किया हर एक वादा कर रहे पूरा—
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राजस्थान को लगातार सौगातें मिली हैं, राज्य लगातार आगे बढ़ रहा है। उनकी पहल पर शेखावाटी क्षेत्र के लिए यमुना जल समझौता हुआ, जिसकी डीपीआर बनाने का कार्य चल रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के प्रतिनिधि जनता के बीच रहकर कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उन तक पहुंचाते हैं। बजट से पूर्व भी समाज के विभिन्न वर्गों से सुझाव लिए गए थे। हम जनता से किया हर एक वादा पूरा कर रहे हैं। हमारे डेढ़ वर्ष के कार्यकाल में ही पूर्ववर्ती सरकार के पूरे कार्यकाल से अधिक विकास कार्य हुए हैं। युवाओं को हमने एक साल में 1 लाख सरकारी नौकरियां देने का लक्ष्य रखा है, जिसमें से 75 हजार से अधिक नियुक्तियां दे चुके हैं तथा 26 हजार पदों पर भर्ती की प्रक्रिया चल रही है। श्री शर्मा ने कहा कि किसानों को हमने किसान सम्मान निधि तथा गेंहू के समर्थन मूल्य में वृद्धि जैसी सौगातें दी हैं। पिछले दिनों राज्य सरकार द्वारा चलाए गए वंदे गंगा जल संरक्षण-जन अभियान में नदी, तालाबों व सरोवरों के संरक्षण एवं संवर्धन के कार्य किए गए। इसी प्रकार पंडित दीनदयाल उपाध्याय अंत्योदय संबल पखवाड़े के अंतर्गत आमजन के लंबित कार्य किए गए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण में प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका महत्वपूर्ण है। एक पेड़ मां के नाम अभियान में ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाकर तथा जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ वंचित वर्ग तक पहुंचाकर हम राजस्थान को विकसित और उत्कृष्ट प्रदेश बनाने में अपना योगदान दे सकते हैं।
कार्यक्रम में वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं जिला प्रभारी मंत्री श्री संजय शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान संपूर्ण देश में जन आंदोलन बन गया है। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान को हरित प्रदेश बनाने का कार्य किया जा रहा है। हम पांच वर्ष में 50 करोड़ पौधरोपण के संकल्प को भी पूरा करेंगे।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने जिलास्तरीय वन महोत्सव में हरियालो राजस्थान के तहत
जनप्रतिनिधियों एवं साधु-संतों की मौजूदगी में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पौधारोपण किया। इस दौरान गुड़हल, बहेड़ा, कदम, नीम, जामुन, आंवला, चीकू, बरगद, पीपल, गूलर, कल्पवृक्ष एवं सिंदूर इत्यादी के पौधे लगाए गए। मुख्यमंत्री ने गुरुकुल के विद्यार्थियों के साथ आत्मीय मुलाकात भी की।
कार्यक्रम में सैनिक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष श्री प्रेम सिंह बाजौर, विधायक श्री गोरधन वर्मा, श्री सुभाष मील सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि मौजूद रहे
TagsJaipur प्रदेश पांच वर्षलगे 50 करोड़ पौधेमुख्यमंत्री शर्माJaipur state five years50 crore saplings plantedChief Minister Sharmaजनता से रिश्ता न्यूज़जनता से रिश्ताजनता से रिश्ता.कॉमआज की ताजा न्यूज़हिंन्दी न्यूज़भारत न्यूज़खबरों का सिलसिलाआज की ब्रेंकिग न्यूज़आज की बड़ी खबरमिड डे अख़बारJanta Se Rishta NewsJanta Se RishtaToday's Latest NewsHindi NewsIndia NewsKhabron Ka SilsilaToday's Breaking NewsToday's Big NewsMid Day Newspaperजनताjantasamachar newssamacharहिंन्दी समाचार
Next Story





