राजस्थान

Jaipur: 24.33 लाख मतदाता तय करेंगे जयपुर के 150 वार्डों का भविष्य

Admindelhi1
10 Sept 2026 8:09 PM IST
Jaipur: 24.33 लाख मतदाता तय करेंगे जयपुर के 150 वार्डों का भविष्य
x
जयपुर नगर निगम चुनाव में शुक्रवार को होगा मतदान

जयपुर: जयपुर नगर निगम के 150 वार्डों में पार्षद चुनने के लिए शुक्रवार को मतदान होगा। चुनाव मैदान में 723 प्रत्याशी हैं, जिनके जीत-हार का फैसला 24 लाख 33 हजार 121 मतदाता करेंगे। इस मतदान के लिए जिला निर्वाचन शाखा ने 2 हजार 256 पोलिंग बूथ बनाए हैं। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक होगा। मतदान समाप्त होने के बाद ईवीएम को निर्धारित स्ट्रांग रूम में जमा कराया जाएगा। चुनाव परिणाम 14 सितंबर को घोषित किए जाएंगे।

इसके बाद नगर निगम में महापौर और उप महापौर के चुनाव की प्रक्रिया होगी। महापौर पद के लिए 21 सितंबर और उप महापौर पद के लिए 22 सितंबर को चुनाव कराया जाएगा। ऐसे में शुक्रवार का मतदान जयपुर नगर निगम की नई राजनीतिक तस्वीर तय करने वाला होगा।

भाजपा-कांग्रेस के 149-149 प्रत्याशी

150 वार्डों में प्रमुख राजनीतिक दल भाजपा और कांग्रेस के 149-149 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। वहीं 425 प्रत्याशी निर्दलीय अथवा राष्ट्रीय और क्षेत्रीय राजनीतिक दलों के चुनाव चिह्न पर चुनाव लड़ रहे हैं। मतदान के साथ ही सभी 723 प्रत्याशियों का राजनीतिक भविष्य ईवीएम में बंद हो जाएगा।

18 वार्डों में सीधा मुकाबला

नगर निगम चुनाव में 18 वार्ड ऐसे हैं, जहां केवल दो-दो प्रत्याशी मैदान में हैं। इन वार्डों में सीधे मुकाबले में जीत-हार का फैसला होगा। इनमें वार्ड नंबर 41, 42, 45, 49, 52, 53, 60, 83, 90, 91, 94, 122, 123, 129, 131, 142 और 150 शामिल हैं।

वहीं 35 वार्डों में तीन-तीन प्रत्याशी मैदान में हैं, जिससे इन वार्डों में त्रिकोणीय मुकाबले की स्थिति बनी हुई है।

वार्ड 62 में सबसे ज्यादा 13 प्रत्याशी

जयपुर नगर निगम के वार्ड नंबर 62 में सबसे ज्यादा 13 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इसके अलावा चार वार्ड ऐसे हैं, जहां 10 से अधिक प्रत्याशियों के बीच मुकाबला है। ऐसे वार्डों में निर्दलीय और अन्य दलों के प्रत्याशी प्रमुख दलों के समीकरणों को प्रभावित कर सकते हैं।

50 वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित

नगर निगम के 150 वार्डों में से 50 वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। आरक्षण के चलते इन वार्डों में महिला प्रत्याशियों के बीच मुकाबला है। चुनाव में महिला मतदाताओं की संख्या भी महत्वपूर्ण रहेगी।

12.61 लाख पुरुष मतदाता

जयपुर नगर निगम क्षेत्र में कुल 24 लाख 33 हजार 121 मतदाता हैं। इनमें 12 लाख 61 हजार 380 पुरुष, 11 लाख 71 हजार 649 महिला और 92 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। यानी कुल मतदाताओं में पुरुषों की संख्या महिला मतदाताओं से अधिक है।

2256 बूथ, 652 क्रिटिकल

मतदान के लिए नगर निगम क्षेत्र में कुल 2256 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। इनमें 652 बूथ क्रिटिकल श्रेणी में हैं। इन बूथों पर सुरक्षा के अतिरिक्त इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन और पुलिस की ओर से शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान के लिए मतदान दलों की रवानगी, ईवीएम और चुनाव सामग्री सहित आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।

14 सितंबर को खुलेगा परिणाम का पिटारा

शुक्रवार को मतदान के बाद सभी ईवीएम को निर्धारित स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखा जाएगा। 14 सितंबर को मतगणना के बाद 150 वार्डों के परिणाम घोषित होंगे। इसके बाद महापौर और उप महापौर के चुनाव की प्रक्रिया शुरू होगी। महापौर का चुनाव 21 सितंबर और उप महापौर का चुनाव 22 सितंबर को होगा।

Next Story