राजस्थान

Jaipur: 11 हजार महिलाओं ने भाग लिया जयपुर की कलश यात्रा में

Admindelhi1
16 March 2026 2:18 AM IST
Jaipur: 11 हजार महिलाओं ने भाग लिया जयपुर की कलश यात्रा में
x
"20 मार्च से जयपुर में शिव पुराण कथा का शुभारंभ"

जयपुर: जयपुर में जयपुर परिवार सेवा ट्रस्ट के तत्वावधान में 20 से 26 मार्च तक मानसरोवर स्थित वीटी रोड मेला ग्राउंड में आयोजित होने वाली शिव पुराण कथा और महामृत्युंजय महायज्ञ से पहले रविवार को 11 हजार महिलाओं की भव्य कलश यात्रा निकाली गई। बैंड-बाजों और भोले बाबा के जयकारों के बीच निकली यात्रा ने आस्था का अनूठा दृश्य प्रस्तुत किया।

आयोजन समिति के मुख्य व्यवस्थापक अखिलेश अत्री और मनोज पांडे ने बताया कि कलश यात्रा केएल सैनी स्टेडियम से पूजा-अर्चना के साथ रवाना हुई। इसमें महिलाएं एक समान परिधान में सिर पर मांगलिक कलश लेकर चल रही थीं, जबकि पुरुष श्रद्धालु भजनों पर नाचते-गाते हुए शामिल हुए। यात्रा में बग्घियां, हाथी, ऊंट-घोड़े और बैंडबाजों का भव्य लवाजमा भी शामिल रहा।

यात्रा मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। लगभग तीन दर्जन स्वागत द्वार बनाए गए और कई जगहों पर जल सेवा की व्यवस्था भी की गई। यात्रा विभिन्न मार्गों से होती हुई वीटी रोड मेला ग्राउंड स्थित कथा स्थल पर पहुंचकर संपन्न हुई। इस अवसर पर अवधेशाचार्य महाराज और राघवेन्द्राचार्य महाराज सहित कई संत-महंत और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

ट्रस्ट के अनुसार 20 से 26 मार्च तक अंतरराष्ट्रीय कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा शिव पुराण कथा का वाचन करेंगे। कथा के लिए करीब चार लाख वर्ग फीट क्षेत्र में वाटरप्रूफ पांडाल बनाया जा रहा है, जिसमें लगभग एक लाख श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था होगी। आयोजन स्थल पर चिकित्सा सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की भी व्यवस्था की जा रही है।

Next Story