राजस्थान

Jodhpur डिस्कॉम में सिविल कार्यों को गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ पूर्ण करने के निर्देश

Tara Tandi
25 July 2025 3:32 PM IST
Jodhpur डिस्कॉम में सिविल कार्यों को गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ पूर्ण करने के निर्देश
x
Jaipur जयपुर । जोधपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (जेडीवीवीएनएल) के सिविल विंग की मासिक समीक्षा बैठक निगम मुख्यालय स्थित सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रबंध निदेशक डॉ. भंवरलाल ने की। इस अवसर पर निदेशक (तकनीकी) , संभागीय मुख्‍य अभियंता (जोधपुर जोन), अधीक्षण अभियंता (सिविल) , विभिन्न जोनों के अधिशासी अभियंता एवं सहायक अभियंता उपस्थित रहे। बैठक में निर्माण कार्यों की प्रगति की गहन समीक्षा की गई एवं भविष्य के लक्ष्यों को लेकर सकारात्मक दिशा में ठोस निर्णय लिए गए।
शीर्ष प्राथमिकता वाले कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने की रणनीति —
बैठक में उन 10 निर्माण कार्यों की विशेष समीक्षा की गई, जिन्हें निगम द्वारा सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान की गई है। इन कार्यों को तय समयसीमा के भीतर पूर्ण करने के लिए अधिकारीगण को आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
राजस्थान सरकार द्वारा आवंटित वार्षिक बजट के अंतर्गत स्वीकृत निर्माण कार्यों की प्रगति की रिपोर्ट पर चर्चा की गई। प्रबंध निदेशक ने इन कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करते हुए समयबद्ध क्रियान्वयन पर विशेष बल दिया।
कुछ स्थलों पर भूमि स्वामित्व स्पष्ट न होने के कारण कार्य बाधित पाए गए। ऐसे स्थलों पर अस्थायी बाड़बंदी एवं यार्ड सुरक्षा जैसी नवाचारयुक्त व्यवस्थाओं के निर्देश दिए गए साथ ही भूमि आवंटन प्रक्रिया को शीघ्रता से पूर्ण कराने हेतु संबंधित विभागों से समन्वय की आवश्यकता जताई गई।
बैठक में उन स्थलों पर चल रहे प्रवेश द्वार निर्माण एवं कंटेनर स्थापना से जुड़ी व्यवहारिक चुनौतियों पर चर्चा की गई। अधिकारीगण को स्थल निरीक्षण कर यथाशीघ्र समाधान सुनिश्चित करने तथा प्रगति में आने वाली रुकावटों को दूर करने के निर्देश दिए गए।
जहां भूमि संबंधी विवाद अथवा तकनीकी अड़चनों के कारण निर्माण कार्य आरंभ नहीं हो पा रहा है, वहां पूर्वनिर्मित कंटेनर व अस्थायी बाड़बंदी जैसे वैकल्पिक समाधान अपनाने के निर्देश दिए गए। कंटेनर व बाड़बंदी कार्यों हेतु जिन सर्किलों में बजट निर्गत नहीं हुआ है, वहां प्राथमिकता से निधि आवंटन करने के निर्देश दिए गए, ताकि आवश्यक कार्यों की गति बनी रहे।
सहायक अभियंताओं (AEN) को नियमित स्थल निरीक्षण, गुणवत्तायुक्त कार्य निष्पादन और समय पर निर्णय लेने हेतु प्रेरित किया गया। निगरानी को एक प्रमुख उत्तरदायित्व मानते हुए, गुणवत्ता नियंत्रण की नियमित जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि प्रत्येक माह के प्रथम कार्यदिवस पर अधीक्षण अभियंता (सिविल) द्वारा वृत्त स्तरीय मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की जाए। इस बैठक में धीमी प्रगति वाले कार्यों तथा नवाचारों पर विशेष ध्यान देते हुए संभागीय मुख्‍य अभियंता (जोधपुर जोन) को समेकित रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।
बैठक के अंत में प्रबंध निदेशक डॉ. भंवरलाल ने उपस्थित अधिकारियों का आह्वान किया कि “निगम की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए, जिससे उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधाएं और मजबूत अवसंरचना उपलब्ध हो सके।”
Next Story