राजस्थान

छोटी बहिन के साथ नहाने गया मासूम कुएं में डूबा

Admin4
17 Aug 2023 11:23 AM GMT
छोटी बहिन के साथ नहाने गया मासूम कुएं में डूबा
x
कोटा। कोटा जिले के मंडाना थाना क्षेत्र के सोहनपुरा गांव में कुएं में डूबने से 8 साल के मासूम की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बुधवार को स्कूल से आने के बाद दोपहर में 8 साल का ईश्वर अपनी छोटी बहिन लक्ष्मी के साथ कुएं पर नहाने गया था। वो कमर पर पीपी बांध कर कुएं में उतर गया। पीपी की रस्सी खुलने से कुएं में डूब गया। परिजनों ने ग्रामीणों की मदद से 30 फीट गहराई से मासूम का शव बाहर निकाला। जानकारी के अनुसार ओमप्रकाश के दो बच्चे है। बड़ा बेटा ईश्वर तीसरी कक्षा में पढ़ता है। छोटी बेटी लक्ष्मी 5 साल की हैं। बुधवार दोपहर को ईश्वर स्कूल से घर लौटा था। फिर अपनी छोटी बहिन को साथ लेकर कुएं पर नहाने निकल गया। पहले वो बबलू के कुएं पर गया। वहां ईश्वर की दादी मौजूद थी। दादी ने दोनों को घर जाने को कहा। दादी की बात सुनकर दोनों भाई बहिन वहां से निकल गए। और लालचंद के कुएं पर पहुंच गए। वहां एक लड़का पहले से मौजूद था। ईश्वर ने खुद के कपड़े खोलकर कमर पर पीपी बांध ली। और कुएं में छलांग लगा दी।
कुएं में जाते ही पीपी की रस्सी खुल गई। और ईश्वर डूब गया। छोटी बहिन चुपचाप घर आ गई। शाम 5 बजे करीब पिता ओमप्रकाश घर पहुंचे। ईश्वर घर में नहीं था। पिता ने लक्ष्मी से ईश्वर के बारें में पूछा तो लक्ष्मी ने सारी बात बताई। पिता ओमप्रकाश ने कुएं पर जाकर देखा। वहां ईश्वर के कपड़े व चप्पल पड़े थे। पिता ने ग्रामीणों की मदद से ईश्वर को कुएं में तलाशना शुरू किया। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची।करीब 10 घंटे बाद रात 12 बजे करीब ईश्वर का शव कुएं से बाहर निकाला। मंडाना थाना ASI अब्दुल कलाम ने बताया कि 8 साल का ईश्वर अपनी बहिन के साथ कुएं पर गया था। ईश्वर कुएं में डूब गया। शाम 7 बजे सूचना मिली। रात को 12 बजे शव को बाहर निकाला। शव का पोस्टमार्टम करवाया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
Next Story