राजस्थान

पुलिस व्यवस्था से जुड़ी जानकारी अब होगी बस एक स्कैन दूर

Admindelhi1
30 Oct 2026 12:25 PM IST
पुलिस व्यवस्था से जुड़ी जानकारी अब होगी बस एक स्कैन दूर
x
क्यूआर कोड स्कैन कर जान सकेंगे अपने क्षेत्र के पुलिस अधिकारियों को

जयपुर: आमजन और पुलिस के बीच समन्वय मजबूत करने के लिए जयपुर पुलिस ने ‘अपनी बीट पुलिस को जानें’ पहल शुरू की है। इसके तहत जागरूकता बोर्ड पर लगे क्यूआर कोड को स्कैन करते ही नागरिक अपने क्षेत्र के बीट अधिकारी से लेकर डीसीपी स्तर तक के अधिकारियों के नाम और संपर्क नंबर प्राप्त कर सकेंगे। योजना की शुरुआत मानसरोवर थाना क्षेत्र से की गई है।

पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने गुरुवार को क्यूआर कोड आधारित बीट जागरूकता बोर्ड का लोकार्पण किया। उन्होंने बताया कि प्रत्येक बीट के लिए अलग क्यूआर कोड निर्धारित किया गया है। पहले चरण में मानसरोवर में बोर्ड लगाए जा रहे हैं। इसके बाद इन्हें जयपुर कमिश्नरेट के सभी थाना क्षेत्रों में चरणबद्ध तरीके से लगाया जाएगा। प्रत्येक बीट में सात से दस प्रमुख स्थानों पर बोर्ड लगाने की योजना है।

क्यूआर कोड स्कैन करने पर संबंधित बीट का विवरण, पुलिस थाने का पता, गूगल लोकेशन और बीट अधिकारी का नाम व संपर्क नंबर उपलब्ध होगा। इसके साथ ही थाना प्रभारी (एसएचओ), सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी), अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त और पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) स्तर के अधिकारियों की जानकारी भी मिलेगी।

इस पहल की खासियत यह है कि पुलिस अधिकारियों के तबादले या पदस्थापन में बदलाव होने पर भी क्यूआर कोड स्कैन करने से नई पदस्थापना के अनुसार अद्यतन नाम और मोबाइल नंबर दिखाई देंगे। इससे नागरिकों को पुरानी जानकारी के कारण होने वाली परेशानी से राहत मिलेगी और वे अपनी शिकायत या समस्या के लिए संबंधित अधिकारी से सीधे संपर्क कर सकेंगे।

लोकार्पण कार्यक्रम में विशेष पुलिस आयुक्त ओमप्रकाश, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त डॉ. अजय सिंह, प्रदीप मोहन शर्मा, डॉ. रामेश्वर सिंह, डीसीपी क्राइम योगेश गोयल, डीसीपी दक्षिण राजर्षि राज और डीसीपी मुख्यालय अनुष्ठा कालिया सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

Next Story