राजस्थान

करौली में गर्भवती महिला को कढ़ाही में बैठाकर नदी पार, बारिश से बिगड़े हालात

SHIDDHANT
25 Aug 2025 10:53 PM IST
करौली में गर्भवती महिला को कढ़ाही में बैठाकर नदी पार, बारिश से बिगड़े हालात
x

RAJESTHAN राजस्थान: देशभर में भारी बारिश का कहर जारी है। कई राज्यों में हालात बिगड़ते जा रहे हैं और सड़कों पर पानी भर जाने से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। राजस्थान के करौली जिले से एक चौंकाने वाली तस्वीर सामने आई है, जिसने प्रशासन की तैयारियों की पोल खोल दी है। यहां एक गर्भवती महिला को अस्पताल पहुंचाने के लिए बड़ी कढ़ाही में बैठाकर नदी पार कराई गई। दरअसल, करौली जिले में लगातार बारिश से पुलिया ढह गई थी, जिसके चलते रास्ता पूरी तरह बंद हो गया। इस बीच गर्भवती महिला की तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाना जरूरी हो गया। मजबूरी में ग्रामीणों ने एक बड़ी कढ़ाही का सहारा लिया। करीब 7-8 युवकों और एक महिला ने मिलकर कढ़ाही को संभाला और तेज बहाव के बीच सावधानीपूर्वक नदी पार की। महिला को सुरक्षित नदी के उस पार पहुंचाया गया और फिर अस्पताल ले जाया गया। सौभाग्य से महिला सही सलामत अस्पताल पहुंच गई।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि किस तरह तेज बहाव में लोग पानी में गले तक डूबे नजर आ रहे हैं और महिला को कढ़ाही में बैठाकर नदी पार करा रहे हैं। आसपास खड़े लोग उसकी सलामती की दुआ करते दिखे। यह नजारा देखकर लोग प्रशासन पर सवाल उठा रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन की लापरवाही के कारण उन्हें ऐसे खतरनाक हालात का सामना करना पड़ रहा है। पुलिया ढहने के बावजूद वैकल्पिक इंतजाम नहीं किए गए। सोशल मीडिया पर लोग प्रशासन की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी जता रहे हैं और सवाल उठा रहे हैं कि आखिर कब तक ग्रामीणों को अपनी जान जोखिम में डालनी पड़ेगी। राजस्थान ही नहीं, बल्कि देशभर में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन पर गहरा असर डाला है। कई जगह बाढ़ जैसे हालात हैं, जहां लोग पानी में फंसे हुए हैं। सड़कें तालाब में तब्दील हो चुकी हैं। ऐसे हालात में यह घटना प्रशासनिक व्यवस्थाओं और आपदा प्रबंधन की हकीकत को उजागर करती है।

Next Story