राजस्थान

सुप्रीम कोर्ट से हाईकोर्ट तक के अहम फैसले एक जगह, राजस्थान पुलिस की नई पहल

Admindelhi1
17 Nov 2026 10:54 AM IST
सुप्रीम कोर्ट से हाईकोर्ट तक के अहम फैसले एक जगह, राजस्थान पुलिस की नई पहल
x
राजस्थान पुलिस को मिला नया कानूनी हथियार, हर तीन महीने में अपडेट होगी 'विधि दर्पण'

जयपुर: राजस्थान पुलिस ने अनुसंधान अधिकारियों को कानूनी प्रावधानों और न्यायिक निर्णयों की व्यावहारिक जानकारी उपलब्ध कराने के लिए एक महत्वपूर्ण पहल की है। पुलिस ने 'विधि दर्पण' नाम से एक विशेष पुस्तिका प्रकाशित की है, जिसमें उच्चतम न्यायालय और राजस्थान उच्च न्यायालय के महत्वपूर्ण एवं चयनित निर्णयों को संकलित किया गया है। इसका उद्देश्य पुलिस अनुसंधान और अभियोजन प्रक्रिया को अधिक प्रभावी, विधिसम्मत तथा न्यायिक अपेक्षाओं के अनुरूप बनाना है।

पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने सोमवार को पुलिस मुख्यालय में पुस्तिका के प्रथम अंक का विमोचन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि 'विधि दर्पण' पुलिस अधिकारियों के लिए अनुसंधान, साक्ष्य संकलन और अभियोजन प्रक्रिया में उपयोगी संदर्भ सामग्री साबित होगी। इससे अनुसंधान अधिकारियों को कानूनी प्रावधानों और न्यायिक फैसलों को समझने में सहायता मिलेगी।

चार प्रमुख भागों में तैयार की गई पुस्तिका

'विधि दर्पण' को चार प्रमुख भागों में विभाजित किया गया है। इसके पहले भाग में उच्चतम न्यायालय के महत्वपूर्ण निर्णयों को शामिल किया गया है। इनमें गिरफ्तारी के आधार लिखित में देना अनिवार्य होने, अग्रिम अनुसंधान के लिए मजिस्ट्रेट की अनुमति, दीवानी विवाद और छल के अपराध तथा पहचान के साक्ष्य एवं शिनाख्त परेड जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर न्यायिक निर्णय संकलित किए गए हैं।

पुस्तिका का दूसरा भाग राजस्थान उच्च न्यायालय के महत्वपूर्ण फैसलों पर आधारित है। इसमें अनुसंधान में न्यायिक हस्तक्षेप की सीमा, अवरोधन के सुरक्षा उपाय और एफआईआर से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णयों को शामिल किया गया है।

तीसरे भाग में अनुसंधान अधिकारियों के लिए उपयोगी आठ आधारभूत एवं स्मरणीय न्यायिक निर्णय दिए गए हैं। वहीं चौथे भाग में व्यावहारिक संदर्भ सामग्री प्रकाशित की गई है। इसमें ऐसे महत्वपूर्ण बिंदुओं का उल्लेख है, जिन्हें अनुसंधान अधिकारी अपने दैनिक कार्यों में उपयोग कर सकते हैं।

पुराने और नए कानूनों की धाराओं की भी मिलेगी जानकारी

पुस्तिका में नवीन एवं प्राचीन कानूनों की समतुल्य धाराओं की सारणी भी शामिल की गई है। इसके साथ ही दंड प्रक्रिया संहिता और भारतीय न्याय संहिता की महत्वपूर्ण धाराओं का उल्लेख किया गया है। इससे पुलिस अधिकारियों को पुराने और नए कानूनी प्रावधानों के बीच समानता तथा अंतर समझने में मदद मिलेगी।

पुस्तिका में पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा, सीआईडी-सीबी महानिरीक्षक पुलिस एवं पुस्तिका की प्रधान संपादक श्रीमती के. बी. वंदना तथा उप महानिरीक्षक पुलिस (अपराध शाखा) राशि डोगरा डूडी के विशेष आलेख भी प्रकाशित किए गए हैं।

हर तीन महीने में प्रकाशित होगा नया अंक

राजस्थान पुलिस की इस पहल के तहत 'विधि दर्पण' पुस्तिका का प्रकाशन हर तीन महीने में किया जाएगा। इससे अनुसंधान अधिकारियों को समय-समय पर महत्वपूर्ण न्यायिक निर्णयों और कानूनी प्रावधानों की जानकारी मिलती रहेगी।

विमोचन कार्यक्रम में पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के साथ डीजी कानून व्यवस्था संजय अग्रवाल, डीजी स्पेशल ऑपरेशन आनंद श्रीवास्तव, डीजी ट्रैफिक मालिनी अग्रवाल, एडीजी क्राइम बिपिन पाण्डेय सहित पुलिस मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

राजस्थान पुलिस की इस पहल को अनुसंधान एवं अभियोजन प्रक्रिया को कानूनी रूप से अधिक मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Next Story