
x
भरतपुर। महाराष्ट्र के पुणे में पिछले दिनों आयोजित हुए ऑल इंडिया पुलिस गेम्स में भरतपुर पुलिस की दो महिला खिलाड़ियों द्वारा स्वर्ण पदक जीतने पर पुलिस महानिरीक्षक गौरव श्रीवास्तव व जिला पुलिस अधीक्षक श्याम सिंह ने सम्मानित किया है। दोनों खिलाड़ियों को आईजी व एसपी की ओर से नकद इनाम दिया गया है।
विगत 14 से 20 नवम्बर तक पुणे महाराष्ट्र में महाराष्ट्र पुलिस के तत्वावधान 71वें अखिल भारतीय रेसलिंग कलस्टर में भरतपुर पुलिस की हैड कांस्टेबल मनीषा चाहर ने 50 किग्रा भार में आर्म रेसलिंग में स्वर्ण पदक जीता था। तो वहीं संजू लवानियां कांस्टेबल ने 55 किग्रा भार वर्ग में बॉडी बिल्डिंग में स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया था।
दोनों ही महिला खिलाड़ियों को आईजी गौरव श्रीवास्तव व एसपी श्याम सिंह ने अपने कार्यालय बुलाकर उनकी हौसला अफजाई की। राजेन्द्र नगर कॉलोनी निवासी मनीषा चाहर ने वर्ष 2015 में करनाल हरियाणा में वर्ष 2016 में कलकत्ता में आयोजित ऑल इंडिया पुलिस वुशू प्रतियोगिता में दो कांस्य पदक, वर्ष 2017 में पुणे में ऑल इंडिया पुलिस बॉक्सिंग में रजत पदक और वर्ष 2018 में जयपुर में हुई ऑल इंडिया पुलिस बॉक्सिंग प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीते थे।
इस वर्ष ऑल इंडिया पुलिस आर्म रेसलिंग में स्वर्ण पदक के साथ मनीषा ने ऑल इंडिया पुलिस गेम्स में कुल पांच पदक जीतकर पुलिस का गौरव बढ़ाया है। मनीषा चाहर 7 बार बेस्ट बॉक्सर भी रहीं हैं।
इसके अलावा पुष्प वाटिका कॉलोनी निवासी संजू लवानिया ने भरतपुर वर्ष 2018 एवं 2019 में ऑल इंडिया पुलिस बॉक्सिंग प्रतियोगिताओं में राजस्थान पुलिस का प्रतिनिधित्व किया। वर्ष 2022 में ऑल इंडिया पुलिस गेम्स में बॉडी बिल्डिंग खेल में स्वर्ण पदक जीतकर राजस्थान पुलिस का गौरव बढ़ाया है।
दोनों महिला खिलाडिय़ों को पुलिस मुख्यालय स्तर एवं राजस्थान सरकार से मिलने वाले पारितोषिक के अलावा महानिरीक्षक पुलिस भरतपुर रेंज की ओर से प्रत्येक खिलाड़ी को 5-5 हजार रुपए व जिला पुलिस अधीक्षक श्याम सिंह द्वारा 5100-5100 रुपये का पुरस्कार दोनों महिला खिलाड़ियों को दिया गया है।
Next Story