राजस्थान

निगम से बजट मिले तो वार्ड की समस्याएं मिटे, लोगों ने कहा ठीक काम करवा रहे पार्षद

Admin Delhi 1
17 Jan 2023 1:45 PM GMT
निगम से बजट मिले तो वार्ड की समस्याएं मिटे, लोगों ने कहा ठीक काम करवा रहे पार्षद
x

कोटा: वार्ड में गलियों की साफ-सुथरी सड़कें और वार्ड के कई लोगों का ये कहना कि पार्षद उनका काम करवाने के लिए हर समय तैयार रहते है, इस ओर इशारा करते है कि नगर निगम दक्षिण के वार्ड नम्बर 49 के लोग पार्षद के अब तक के कार्यकाल से काफी हद तक सन्तुष्ट हैं। वार्डवासियों की माने तो पार्षद ने यहां के लोगों को टूटी सड़कों सहित कई समस्याओं से निजात दिलवाई हैं। लेकिन वार्ड में आज भी अक्सर आवारा मवेशियों और बड़े-बड़े श्वानों का जमावड़ा लगा रहता है। इस समस्या का समाधान करने के लिए पार्षद कई बार प्रयास कर चुके है लेकिन लोगों को इस समस्या से पूर्णतया निजात नहीं मिल पाई है। वार्ड 49 में अग्रसेन नगर, गुर्जर बस्ती, गणेश तालाब सेक्टर-1 तथा महावीर नगर विस्तार योजना आदि इलाकें आते हैं। इनमें से अधिकांश स्थानों पर सड़कें नई और साफ-सुथरी नजर आती है लेकिन नालियों के हालात नहीं सुधरे है। कुछ गलियों की नालियां टूटी-फूटी और पानी से भरी नजर आती है। लोग बताते हैं कि वार्ड का एक क्षेत्र ऐसा है जहां आवारा मवेशियों की बहुत समस्या है। इन मवेशियों के कारण सड़कें भी अधिकांश मौकों पर गंदी ही रहती है। बताया जाता है कि वार्ड में विकास कार्य के लिए जितना बजट आया था वो तो सड़क निर्माण, सीवरेज आदि में ही पूरा हो गया। वार्डवासी बताते हैं कि पार्षद ने वार्ड में अच्छा काम करवाया है। निगम से और बजट मिल जाए तो क्षेत्र की शेष रही समस्याओं का भी समाधान हो जाए।

पहले वार्ड की सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढें बने हुए थे लेकिन अब सपाट रोड बन गए हैं। सफाई भी वार्ड में दोनों टाइम होती है। निगम का टिपर समय पर आता है इससे घरों के बाहर कचरा कम ही नजर आएगा। लोगों का कहना है कि पार्षद उनका काम करने के लिए हर समय तैयार रहते है। उनकों कोई समस्या बताते हैं तो जल्द उनका समाधान करवा देते हैं। वार्ड के कुछ लोगों का कहना है कि निगम में बोर्ड कांग्रेस का होने के कारण उनके वार्ड में कार्य स्पीड हुए हैं। निर्माण कार्यों में अच्छी सामग्री इस्तेमाल की गई है। कुछ लोग कहते हैं कि पार्षद के अतिरिक्त प्रयासों से क्षेत्र में एक दो ऐसे काम भी हुए हंै जो यहां के लोगों के लिए भारी परेशानी का कारण बने हुए थे। मसलन सार्वजनिक शौचालय। वार्ड की रोड लाइट बिल्कुल सही है। प्रेशर भी ठीक आता हैं लेकिन कुछ जगहों पर अभी सीवरेज की समस्या बनी हुई है। अब अगर पैसा आए तो ये समस्याएं भी निपटे।

वार्ड पार्षद का कहना है कि उन्होंने वार्डवासियों की समस्याओं को सुना और जहां तक संभव हो पाया उनका समाधान भी करवाया है। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि कौन भाजपा का है और कौन कांग्रेस का, है तो वार्डवासी ही। फिलहाल क्षेत्र की सबसे बड़ी जरूरत नालियों का निर्माण है। इसके अलावा आवारा मवेशियों की समस्या का भी पूरी तरह से समाधान करना है।

इनका कहना है

लगभग हर गली की सड़क या तो ठीक करवा दी गई या सीसी बना दी गई। वार्ड में विकास कार्यों के लिए 1 करोड़ रूपए का बजट दिया गया था। वो दीपावली तक ही पूरा हो चुका है। वार्ड की 75 प्रतिशत नालियोंं का काम होना बाकी है। इसके लिए निगम को लिखित में दिया हुआ है।

-कुलदीप प्रजापति, वार्ड पार्षद

वार्ड में सड़कों की दशा पहले से बेहतर हो गई है। कुछ जगहों पर नालियां भी बनी है। सबसे अच्छा काम सार्वजनिक शौचालय का हुआ है। ये सालों से वार्ड के लोगों एक ऐसी समस्या थी जो जिसका समाधान होना बहुत जरूरी था।

-कैलाश बियाना, वार्डवासी

हर गली मौहल्ले में रोड बन गए हैं। नालियों की सफाई टाइम पर हो जाती है लेकिन कुछ स्थानों पर नालियां जाम भी नजर आती है। कचरे की गाड़ी टाइम पर आती है। रोड लाइट लगभग ठीक है। समय पर वार्ड में सफाई हो रही है।

-त्रिलोक नामा, वार्डवासी

Next Story