कबड्डी मैच में हुआ ज़बरदस्त हंगामा, खिलाड़ियों ने भी जमकर हूटिंग

बूंदी न्यूज़: बूंदी गणेश स्टेडियम पर ब्लॉक स्तरीय राजीव गांधी ग्रामीण ओलिंपिक में बुधवार सुबह हिंडौली और गुढ़ाबांध टीम के बीच चल रहे कबड्डी मैच में हंगामा हो गया। मैच में अंकों के आधार पर हिंडौली की टीम आगे चल रही थी। इसी दौरान खिलाड़ियों-समर्थकों के बीच बहस मारपीट-लात-घूसों तक पहुंच गई। खिलाड़ियों ने भी जमकर हूटिंग की। इसके बाद दूसरे मैचों में भी तकरार सामने आई। पुलिस की खिलाड़ियों व समर्थकों से बहस हुई। हालांकि, जल्द स्थिति सामान्य हो गई। हंगामा कर रहे 4 खिलाड़ियों और समर्थकों को पुलिस जीप में थाने ले गई। समझाइश कर उन्हें छोड़ दिया।
पेच की बावड़ी. ग्रामीण ओलिंपिक में ब्राह्मणों की झोपड़िया व ख्यातों का झोपड़ा के बीच कबड्डी मैच के दौरान खिलाड़ी कमलेश मीणा का पैर टूट गया। जिसे साथी खिलाड़ियों ने देवली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टर ने पैर का ऑपरेशन किया। खिलाड़ियों व ग्रामीणों ने घायल कमलेश मीणा को आर्थिक सहायता की मांग को लेकर एसडीएम हिंडौली को ज्ञापन दिया।





