राजस्थान

जयपुर में मकान-दुकानों पर बुलडोजर से पहले होगी जांच, यूडीएच मंत्री ने दिए निर्देश

Admindelhi1
25 Nov 2026 1:13 PM IST
जयपुर में मकान-दुकानों पर बुलडोजर से पहले होगी जांच, यूडीएच मंत्री ने दिए निर्देश
x
वैध पट्टे वाले निर्माणों पर क्या होगी कार्रवाई? जेडीए करेगा दस्तावेजों की जांच

जयपुर: न्यू सांगानेर रोड चौड़ीकरण मामले में प्रभावित मकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई से पहले उनके पट्टों और अन्य दस्तावेजों की जांच की जाएगी। इसके बाद ही तय होगा कि कौन से निर्माण वैध हैं और किन पर अतिक्रमण की कार्रवाई की जा सकती है।

यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने मंगलवार को जयपुर स्थित अपने आवास पर जेडीए और नगर निगम के अधिकारियों के साथ बैठक कर मामले की समीक्षा की। बैठक में जेडीए सचिव गौरव सैनी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

मंत्री ने अधिकारियों से सड़क चौड़ीकरण के लिए किए गए डिमार्केशन, प्रस्तावित अलाइनमेंट और प्रभावित मकानों व दुकानों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि स्थानीय लोगों की ओर से दिए गए ज्ञापन और आपत्तियों के साथ सभी दस्तावेजों की गंभीरता से जांच कर रिपोर्ट तैयार की जाए।

दरअसल, सड़क चौड़ीकरण के लिए किए गए डिमार्केशन को लेकर व्यापारियों और स्थानीय लोगों में नाराजगी है। उनका कहना है कि वैध पट्टे होने के बावजूद उनके निर्माणों को चौड़ीकरण की जद में लिया जा रहा है। इसलिए उन्होंने कार्रवाई से पहले निष्पक्ष जांच की मांग की है।

इससे पहले पूर्व यूडीएच मंत्री राजपाल सिंह शेखावत ने भी प्रभावित लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनी थीं। अब बुधवार को मंत्री खर्रा जेडीए और नगर निगम अधिकारियों के साथ दोबारा बैठक करेंगे। इसमें दस्तावेजों, प्रभावित लोगों की आपत्तियों और सड़क के प्रस्तावित अलाइनमेंट की समीक्षा होगी। बैठक में जयपुर के जनप्रतिनिधि भी शामिल होंगे।

Next Story