
जालोर: राजस्थान के जालोर शहर में शनिवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। थर्ड फेज के पास रोडवेज बस को ओवरटेक करने की कोशिश में एक निजी बस आगे चल रहे ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में फंस गया।
जानकारी के अनुसार, निजी बस में सवार यात्री भीनमाल से भाद्राजून में आयोजित मोमेरा कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे थे। रास्ते में बस चालक ने आगे चल रही रोडवेज बस को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान निजी बस ट्रेलर के पिछले हिस्से से भिड़ गई।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे। चालक केबिन में बुरी तरह फंसा हुआ था। लोगों ने रस्सियों की सहायता से क्षतिग्रस्त हिस्से को खींचकर रास्ता बनाया और काफी मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकाला।
हादसे में तीन से चार लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। घायलों में पसम कंवर (40) और सुमेर सिंह (30) को जालोर के सरकारी अस्पताल स्थित ट्रोमा सेंटर ले जाया गया, जहां उनका उपचार किया गया।
राहत की बात यह रही कि उपचार के बाद सभी घायलों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। हादसे में बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।





