राजस्थान
सुने घर से चोर ले गए गहने और नकदी, रिश्तेदार के घर सोने गया था परिवार
Shantanu Roy
3 Oct 2022 5:28 PM GMT

x
बड़ी खबर
चित्तौड़गढ़। शंभूपुरा थाना क्षेत्र में एक सुने घर से चोरों ने सोने-चांदी के गहने और एक लाख 35 हजार की नकदी चुरा ली। परिवार रात को पास में ही अपने रिश्तेदार के घर सोने गए हुए थे। सुबह घर लौटे तो चोरी की जानकारी मिली। चोर गहनों और रुपयों के अलावा पासबुक और चेकबुक भी ले गए। पुलिस ने मौका मुआयना कर मामला दर्ज कर लिया। थानाधिकारी नेतराम ने बताया कि सावा निवासी सिकंदर (55) पुत्र मुश्ताक खान के घर रात को चोरी हो गई। जिसकी एक रिपोर्ट दी है।
रिपोर्ट में बताया कि सिकंदर खान अपनी पत्नी नजरजान और बेटी नाजिया के साथ पास की गली में स्थित अपने ससुराल में सोने गए थे। उनका बेटा साहिल निंबाहेड़ा गया हुआ था। सुबह जब उठकर अपने घर पहुंचे तो फेन चलने की आवाज़ आई। सिकंदर को लगा उसका बेटा घर आ गया और सो रहा है। ऐसे में आवाज़ लगाई लेकिन कोई आवाज़ नहीं आई। अचानक नजर पड़ी तो दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। अंदर जाकर देखा तो मकान के सभी ताले टूटे हुए थे और पंखे चल रहे थे। कमरे की अलमारियों के भी ताले टूटे हुए थे। बेड और अलमारियों के सामान बिखरे हुए थे। सिकंदर ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और मौका मुआयना किया।
गहनों और नकदी के साथ पासबुक और चेकबुक भी ले गए चोर
सामानों की चेकिंग करने के बाद पता चला कि घर से 500 ग्राम चांदी की पायल, 250 ग्राम चांदी की पायल, 100-100 ग्राम की दो चांदी के पायल, 2 तोले सोने की चेन, 2 तोला सोने का नेकलेस, आधा तोला सोने की ईयररिंग, एक एक तोले के दो सोने के चैन के अलावा एक लाख 35 हजार रुपए नगद भी चोरी हो गई। गहनों की अनुमानित कीमत एक लाख 10 हजार रुपए है। चोरों ने गहनों और रुपयों के अलावा सिकंदर की पत्नी के पोस्ट ऑफिस के खाते की दो पासबुक और एक चेक बुक भी लेकर गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।
Next Story