राजस्थान

मिड-डे मील का भोजन करने से 14 बच्चों की बिगड़ी तबियत, प्रशासन में मचा हड़कंप

Shantanu Roy
28 March 2023 11:20 AM GMT
मिड-डे मील का भोजन करने से 14 बच्चों की बिगड़ी तबियत, प्रशासन में मचा हड़कंप
x
राजसमंद। राजस्थान की बड़ी खबर राजसमंद जिले से सामने आई है। राजसमंद जिले में जिले में उस वक्त हड़कम्प मच गया जब एक सरकारी विद्यालय के एक साथ 14 बच्चे मिड-डे मील का खाना खाने के बाद बीमार पड़ गए। जानकारी मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया और सभी बच्चों को राजसमंद मुख्यालय पर स्थित सबसे बड़े सरकारी हॉस्पिटल आरके में भर्ती करवाया गया। जैसे ही बच्चों तबियत बिगड़ने की खबर जिले में फैली तो वहीं आसपास के लोगों के साथ बच्चों के परिजन हॉस्पिटल पहुंच गए। बच्चों की तबीयत बिगड़ने की सूचना पर राजसमंद अतिरिक्त जिला कलेक्टर रामचरन शर्मा भी तुरंत हॉस्पिटल पहुंचे और बच्चों के स्वास्थ्य के बारे में चिकित्सकों से जानकारी ली और उचित इलाज का निर्देश दिए। यह पूरा मामला पंचायत समिति खमनौर के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय नैनपुरिया गांव का है।
नाथद्वारा तहसील की ग्राम पंचायत नैनपुरिया गांव के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय के लगभग 14 बच्चों की मिड डे मील का खाना खाने से तबीयत खराब हुई है। एम्बुलेंस की सहायता से बच्चों को हॉस्पिटल लाया गया और तुरंत चिकित्सकों ने बच्चों का उपचार किया और चिकित्सकों के तुरंत उपचार के चलते एक बड़ी अनहोनी होने से टल गई। अब अक्षय पात्र का स्टाफ और विद्यालय का स्टाफ एक दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। लोगो ने वास्तविक स्थिति की जांच की मांग की है। इस मामले को लेकर राजसमंद अतिरिक्त जिला कलेक्टर रामचरन शर्मा का कहना है कि इस मामले की जांच की जाएगी और मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल सभी बच्चों की हालत खतरे से बाहर और अस्पताल में इलाज जारी है। कलेक्ट ने इस मामले की जांच के आदेश दिए है। इस घटना की वास्तविकता जांच के बाद ही सामने आ सकती है।
Next Story