राजस्थान

Hanumangarh: डिग्गी में डूबने से तीन की मौत

Admindelhi1
4 Feb 2026 4:51 PM IST
Hanumangarh: डिग्गी में डूबने से तीन की मौत
x
पिता और दो बेटे डूबे

हनुमानगढ़: जिले के संगरिया थाना क्षेत्र में खेत में बनी पानी की डिग्गी में डूबने से पिता और उनके दो बेटों की मौत हो गई। आशंका जताई जा रही है कि बेटों ने डिग्गी में गिरे पिता को बचाने की कोशिश की, लेकिन गहरी डिग्गी और सुरक्षित निकास नहीं होने के कारण तीनों की जान चली गई। हादसा रासूवाला गांव के चक 7 आईडीजी रोही क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार गुरदीप सिंह (40) अपने बेटों लखविंद्र सिंह (22) और राजविंद्र सिंह (16) के साथ खेत में फसलों पर स्प्रे करने गए थे। स्प्रे के लिए पानी लेने के दौरान वे पड़ोसी जसवीर सिंह की डिग्गी के पास पहुंचे। इसी दौरान पैर फिसलने से गुरदीप सिंह संतुलन खो बैठे और डिग्गी में गिर गए।

ग्रामीणों के अनुसार डिग्गी काफी गहरी है और उसमें बाहर निकलने के लिए न तो रैंप है और न ही कोई सुरक्षित व्यवस्था। पिता को बचाने के प्रयास में दोनों बेटे भी डिग्गी में उतर गए, लेकिन गहराई और पानी अधिक होने के कारण तीनों बाहर नहीं निकल सके और डूब गए।

घटना के समय आसपास कोई अन्य किसान मौजूद नहीं था। देर शाम तक जब तीनों घर नहीं लौटे, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। रात में ग्रामीण खेतों की ओर पहुंचे। डिग्गी के पास जूते-चप्पल, टोपी, बेल्ट और कपड़े पड़े मिले, जिससे अनहोनी की आशंका हुई।

Next Story