राजस्थान

Hanumangarh : ड्रग्स तस्करी का भंडाफोड़, 72 लाख की हेरोइन बरामद

Saba Naaz
29 Jun 2025 6:56 PM IST
Hanumangarh : ड्रग्स तस्करी का भंडाफोड़, 72 लाख की हेरोइन बरामद
x
Hanumangarh हनुमानगढ़ : जिले में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत हनुमानगढ़ जंक्शन पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है।
पुलिस ने गश्त के दौरान दो संदिग्ध युवकों को रोका और तलाशी में उनके पास से करीब 180 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की। अंतरराष्ट्रीय बाजार में जब्त मादक पदार्थ की कीमत लगभग 72 लाख रुपए आंकी गई है। इस कार्रवाई में दोनों तस्करों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया है और इनके पास से एक मोटर साइकिल भी जब्त की गई है। पकड़े गए आरोपी हरियाणा राज्य के सिरसा जिले के रहने वाले हैं।
मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है। पुलिस अधीक्षक हरिशंकर ने बताया कि जिले में नशा तस्करी, अवैध मादक पदार्थों, अवैध हथियारों, जुआ-सट्टा एवं साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सख्त निगरानी और कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं, जिसके तहत यह महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। इस कार्रवाई का नेतृत्व हनुमानगढ़ जंक्शन थानाधिकारी लक्ष्मण सिंह राठौड़ ने किया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जनेश तंवर एवं वृत्ताधिकारी मीनाक्षी के निकट पर्यवेक्षण में गठित टीम द्वारा यह कार्रवाई अंजाम दी गई।
जानकारी के अनुसार पुलिस उपनिरीक्षक गजेन्द्र सिंह व उनकी टीम गश्त पर थी, इसी दौरान चंदड़ा फाटक के पास दो संदिग्ध युवकों को रोका गया, जिसमें पूछताछ व तलाशी के दौरान उनके पास से 179.52 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुआ। मौके पर ही दोनों को गिरफ्तार किया गया और उनके खिलाफ धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। आगे मामले की जांच गोलूवाला थानाप्रभारी हरबंशलाल द्वारा की जा रही है। सीओ सिटी मीनाक्षी ने बताया की पकड़े गए तस्करों की पहचान लखवीर सिंह उर्फ लक्खा (25) पुत्र अजायब सिंह और विनोद कुमार (43) पुत्र शिशपाल रूप में हुई है। दोनों ही आरोपी सिरसा हरियाणा के रहने वाले हैं। अब पुलिस इनसे पूछताछ में जुटी हुई है।
Next Story