जोधपुर में धूमधाम से मना गुरु नानक देव का 557वां प्रकाश पर्व, गुरुद्वारों में सजे विशेष दीवान

जोधपुर: सिख पंथ के संस्थापक गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाश पर्व मंगलवार को जोधपुर में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। शहर के विभिन्न गुरुद्वारों में विशेष दीवान, गुरुवाणी कीर्तन, सत्संग, अरदास और लंगर का आयोजन किया गया।
मुख्य कार्यक्रम आनंद सिनेमा के पास स्थित गुरुद्वारा गुरुसिंह सभा में हुआ। इस दौरान करनाल से आए कीर्तनी जत्थे के तजिन्दर सिंह ने गुरुवाणी कीर्तन और गुरमत विचार प्रस्तुत किए। श्रद्धालुओं ने अखंड पाठ साहिब के समापन पर सामूहिक अरदास की।
शहर विधायक अतुल भंसाली और भाजपा शहर जिलाध्यक्ष राजेंद्र पालीवाल ने भी गुरुद्वारे पहुंचकर मत्था टेका। वहीं, विभिन्न सामाजिक संस्थाओं की ओर से रक्तदान, होम्योपैथी और आयुर्वेद चिकित्सा शिविर लगाया गया।
पूज्य सिंधी पंचायत प्रताप नगर में भी गुरु नानक जयंती मनाई गई। इस अवसर पर संत साईं जीतूराम ने मानवता, सत्य और सेवा के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।





