खाटूश्यामजी मेले में श्रद्धालुओं को बड़ी राहत, चलेंगी 13 स्पेशल ट्रेनें

जयपुर: राजस्थान के प्रसिद्ध खाटूश्यामजी में आयोजित होने वाले देवउठनी एकादशी मेले को लेकर उत्तर पश्चिम रेलवे ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष तैयारियां की हैं। मेले में यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रींगस रेलवे स्टेशन से विभिन्न शहरों के लिए 13 स्पेशल ट्रेनों के कुल 39 ट्रिप संचालित किए जाएंगे।
रेलवे के अनुसार, इन विशेष ट्रेनों का संचालन रींगस से रेवाड़ी, जयपुर, फुलेरा और दिल्ली की ओर किया जाएगा। इससे खाटूश्यामजी मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन के लिए अतिरिक्त रेल सुविधा उपलब्ध होगी।
मेले के दौरान टिकट प्राप्त करने में यात्रियों को परेशानी न हो, इसके लिए रींगस स्टेशन पर तीन अतिरिक्त टिकट काउंटर स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा आठ ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीनों की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
रेलवे ने टिकट काउंटरों पर अधिक भीड़ होने की स्थिति में मोबाइल यूटीएस टिकट मशीनों के माध्यम से टिकट उपलब्ध कराने की भी व्यवस्था की है।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और स्टेशन पर भीड़ प्रबंधन के लिए अतिरिक्त वाणिज्यिक कर्मचारियों तथा रेलवे सुरक्षा बल के जवानों की तैनाती की गई है।
इसके साथ ही पूरे मेला अवधि के दौरान स्टेशन परिसर और यात्रियों की गतिविधियों पर सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी रखी जाएगी। रेलवे ने वार रूम और मुख्यालय स्तर पर भी यात्री सुविधाओं की नियमित निगरानी की व्यवस्था की है, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
उत्तर पश्चिम रेलवे ने बताया कि मेले के दौरान रींगस स्टेशन पर श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराना उसकी प्राथमिकता है।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान निर्धारित सुरक्षा नियमों का पालन करें, स्टेशन पर उपलब्ध सुविधाओं का उपयोग करें और भीड़ प्रबंधन में रेलवे कर्मचारियों का सहयोग करें।





