राजस्थान

गोविंद देवजी को माखन-मिश्री का भोग, श्रद्धालुओं ने किया गौपूजन

Admindelhi1
17 Nov 2026 2:55 PM IST
गोविंद देवजी को माखन-मिश्री का भोग, श्रद्धालुओं ने किया गौपूजन
x
गोपाष्टमी पर जयपुर के गोविंद देवजी मंदिर में विशेष आयोजन

जयपुर: केसरिया नटवर वेश में सजे ठाकुर श्रीजी, सामने सेवा में रखे गौमाता और बछड़ों के खिलौने तथा माखन-मिश्री का विशेष भोग। श्री गोविंद देवजी मंदिर में मंगलवार को गोपाष्टमी महोत्सव पर भगवान श्रीकृष्ण की गौचारण लीला के भाव श्रद्धालुओं के दर्शन का केंद्र रहे। कार्तिक शुक्ल पक्ष अष्टमी के अवसर पर मंदिर में धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।

महोत्सव का आरंभ सुबह मंगल झांकी से हुआ। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच ठाकुर श्रीजी का विधिवत पंचामृत अभिषेक किया गया। विशेष अवसर के लिए उन्हें केसरिया रंग की नटवर वेश पोशाक धारण कराई गई। जूड़ा मुकुट, छड़, श्रृंग और विशेष अलंकारों से ठाकुर श्रीजी का मनमोहक श्रृंगार किया गया।

ठाकुर श्रीजी के सम्मुख गौमाता और बछड़ों के खिलौने सेवा में सजाए गए। इस झांकी के माध्यम से भक्तों को भगवान श्रीकृष्ण की गौचारण लीला के भावपूर्ण दर्शन हुए। ठाकुर श्रीजी को माखन-मिश्री का विशेष भोग भी अर्पित किया गया।

श्रृंगार झांकी के बाद मंदिर प्रांगण के तुलसी मंच पर गौपूजन हुआ। मानस गोस्वामी ने विधि-विधान के साथ पहले गौमाता का अभिषेक किया। इसके पश्चात श्रृंगार कर आरती उतारी गई और भोग अर्पित किया गया।

श्रद्धालुओं की सहभागिता के लिए मंदिर प्रशासन ने सत्संग भवन में गौपूजन की विशेष व्यवस्था की थी। मंगला झांकी से राजभोग झांकी तक चली इस व्यवस्था के दौरान बड़ी संख्या में गोविंद भक्तों और दर्शनार्थियों ने गौमाता का पूजन किया।

मानस गोस्वामी के अनुसार, गोपाष्टमी महोत्सव के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण की गौसेवा और गौचारण परंपरा का स्मरण कराया गया। विशेष झांकियों, अभिषेक और गौपूजन के बीच पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में भक्ति और श्रद्धा का वातावरण बना रहा।

Next Story