किसानों के लिए अच्छी खबर, ईसबगोल की खेती पर मिलेगा सरकारी अनुदान

बीकानेर: जिले में तेजी से बढ़ रहे ईसबगोल की खेती के क्षेत्रफल को देखते हुए उद्यान विभाग ने औषधीय फसलों के विस्तार की दिशा में विशेष पहल की है। राष्ट्रीय बागवानी मिशन योजना के तहत किसानों को ईसबगोल की उन्नत किस्म का बीज उपलब्ध कराने के साथ खेती के लिए अनुदान भी दिया जाएगा। विभाग की ओर से 730 किसानों के लिए प्रदर्शन आयोजित किए जाएंगे, ताकि जिले में ईसबगोल की खेती को और अधिक बढ़ावा मिल सके।
बीकानेर जिले में वर्तमान में करीब 56 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में ईसबगोल की खेती की जा रही है। औषधीय फसलों के अंतर्गत इसका क्षेत्रफल लगातार बढ़ रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए उद्यान विभाग ने राष्ट्रीय बागवानी मिशन योजना के तहत नए क्षेत्र में ईसबगोल की खेती को प्रोत्साहित करने की तैयारी की है।
योजना के अंतर्गत किसानों को गुजरात की उन्नत किस्म गुजरात ईसबगोल-2 का बीज उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए गुजरात सीड्स कार्पोरेशन लिमिटेड से उन्नत बीज तथा अन्य कृषि आदान केवीएसएस के माध्यम से अनुदानित दर पर उपलब्ध करवाए जाएंगे। विभाग द्वारा 730 किसानों के लिए प्रदर्शन आयोजित किए जाने की योजना है।
उद्यान विभाग के सहायक निदेशक मुकेश गहलोत ने बताया कि औषधीय फसलों के नए क्षेत्र विस्तार के लिए किसानों को अधिकतम एक हेक्टेयर क्षेत्र तक अनुदान दिया जाएगा। यह अनुदान खेती के क्षेत्रफल के अनुपात में यानी प्रोरेटा आधार पर देय होगा।
उन्होंने बताया कि कृषि विश्वविद्यालय जोधपुर द्वारा औषधीय फसलों के क्षेत्र विस्तार के लिए प्रति हेक्टेयर इकाई लागत 33,350 रुपये निर्धारित की गई है। इस निर्धारित लागत के आधार पर सामान्य वर्ग के किसानों को 40 प्रतिशत तथा अनुसूचित क्षेत्र के किसानों को 50 प्रतिशत अनुदान उद्यान विभाग की ओर से दिया जाएगा।
निर्धारित इकाई लागत के अनुसार एक हेक्टेयर क्षेत्र में खेती करने वाले सामान्य किसानों को 13,340 रुपये तथा अनुसूचित क्षेत्र के किसानों को 16,675 रुपये तक अनुदान मिल सकेगा। एक हेक्टेयर से कम क्षेत्र में खेती करने वाले किसानों के लिए अनुदान की राशि क्षेत्रफल के अनुपात में निर्धारित होगी।
औषधीय फसलों की खेती करने के इच्छुक किसानों को योजना का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा। इसके साथ ही किसानों को संबंधित औषधीय फसल की खेती से जुड़ी तकनीकी जानकारी भी दी जाएगी। इसके लिए विभाग की ओर से पैकेज ऑफ प्रेक्टिसेज से संबंधित लीफलेट और साहित्य उपलब्ध करवाया जाएगा।
उद्यान अनुसंधान ग्राह्य प्रशिक्षण केंद्र के उपनिदेशक प्रेमाराम ने बताया कि ईसबगोल की खेती के लिए योजना का लाभ लेने के इच्छुक किसान संबंधित कृषि पर्यवेक्षक अथवा सहायक कृषि अधिकारी उद्यान से संपर्क कर सकते हैं।
उन्होंने किसानों से औषधीय फसलों के क्षेत्र विस्तार की योजना का लाभ लेने के लिए राज किसान पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण कराने की अपील की। पंजीकरण के माध्यम से इच्छुक किसान ईसबगोल की खेती के लिए उपलब्ध अनुदान योजना का लाभ ले सकेंगे।
जिले में पहले से ही बड़े क्षेत्रफल में हो रही ईसबगोल की खेती को देखते हुए उद्यान विभाग की इस पहल का उद्देश्य औषधीय फसलों के नए क्षेत्र का विस्तार करना है। उन्नत बीज, अनुदानित कृषि आदान और खेती से संबंधित तकनीकी साहित्य उपलब्ध कराकर किसानों को ईसबगोल उत्पादन के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।





