राजस्थान

पूर्व उपराष्ट्रपति धनखड़ को आवास देने की मांग, गहलोत ने पीएम से की अपील

Admindelhi1
18 Nov 2026 10:43 AM IST
पूर्व उपराष्ट्रपति धनखड़ को आवास देने की मांग, गहलोत ने पीएम से की अपील
x
Ashok Gehlot, Rajasthan Politics, Congress Party, Jal Jeevan Mission, Jagdeep Dhankhar

जयपुर: राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मंगलवार को दिल्ली से जयपुर लौटने के बाद एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत में कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष पद की चर्चाओं सहित कई राजनीतिक मुद्दों पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि पिछले तीन वर्षों से उनके नाम को लेकर ऐसी चर्चाएं हो रही हैं, लेकिन पार्टी नेतृत्व ने इस संबंध में उनसे कोई बातचीत नहीं की है। गहलोत ने स्पष्ट किया कि पद मिले या न मिले, राजस्थान की जनता की सेवा करना उनकी प्राथमिकता रहेगी।

सोनिया गांधी की पुस्तक को चुनावी लाभ से जोड़ने के सवाल पर गहलोत ने कहा कि यह उनके व्यक्तिगत अनुभवों पर आधारित है। कांग्रेस में नई जिम्मेदारी मिलने की संभावना पर उन्होंने कहा कि पार्टी आलाकमान का फैसला उनके लिए सर्वोपरि है।

गहलोत ने जल जीवन मिशन को लेकर राजस्थान सरकार पर निशाना साधते हुए दावा किया कि उनकी सरकार ने एक वर्ष में करीब 14 लाख नल कनेक्शन दिए थे, जबकि मौजूदा सरकार तीन वर्षों में लगभग इतने ही कनेक्शन दे पाई है। उन्होंने मुख्यमंत्री से इस मुद्दे पर जवाब देने की मांग की।

पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ को सरकारी आवास आवंटित नहीं होने के मुद्दे पर भी गहलोत ने सवाल उठाए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हस्तक्षेप कर संवैधानिक पद की गरिमा के अनुरूप आवास उपलब्ध कराने की अपील की।

उत्तर प्रदेश में मथुरा से जुड़े भाजपा नेताओं के बयानों पर गहलोत ने कहा कि चुनाव के समय इस तरह की बातें सामने आती रही हैं। वहीं, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) से जुड़े सवाल पर उन्होंने मामला न्यायिक प्रक्रिया में होने का हवाला देते हुए टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।

Next Story