राजस्थान

Ganganagar: हीट वेव के चलते अलर्ट मोड पर स्वास्थ्य विभाग जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक

Tara Tandi
25 April 2025 5:19 PM IST
Ganganagar: हीट वेव के चलते अलर्ट मोड पर स्वास्थ्य विभाग जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक
x
Ganganagar गंगानगर । चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को जिला कलक्टर डॉ. मंजू की अध्यक्षता में हुई। बैठक में जिला कलक्टर ने विभागीय योजनाओं और गतिविधियों की समीक्षा करते हुए हीट वेव के चलते सभी तरह की व्यवस्थाएं सुचारू रखने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने बैठक में कहा कि दवाइयां, ओआरएस आदि की कमी नहीं होनी चाहिए। सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर अलग बैड आरक्षित हों और किसी भी केंद्र पर चिकित्सक के अभाव में मरीजों को परेशानी न हो। हीट वेव के चलते लापरवाही होने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि श्रीगंगानगर अलर्ट मोड पर है, इसलिए बॉर्डर एरिया के सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं रखें और कोई भी स्टाफ बिना अनुमति अवकाश पर नहीं जाए। साथ ही आसपास के संदिग्ध लोगों पर नजर रखें। किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि देखे जाने पर तत्काल संबंधित उच्चाधिकारी या पुलिस को सूचना दें।
राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए जिला कलक्टर ने कहा कि बच्चों को चिन्हित कर अधिकाधिक लाभांवित करवाएं। समस्त विभागीय अधिकारी गंभीरतापूर्वक नियमित रूप से कार्यक्रम की समीक्षा करें। आयुष्मान आरोग्य योजना के तहत ईकेवाईसी में जिला औसत से कम वाले केंद्रों को नोटिस देने के निर्देश दिए गए।
नशा मुक्त श्रीगंगानगर अभियान का उल्लेख करते हुए जिला कलक्टर ने सभी को नशामुक्ति की शपथ लेने के निर्देश दिए और कहा कि इस अभियान में सभी अधिकारी एवं कार्मिक अपना पूर्ण योगदान देवें। स्वास्थ्य केंद्रों पर नशा मुक्त वॉल बनाने और अन्य प्रचार-प्रसार गतिविधियां करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में परिवार कल्याण, टीकाकरण, निःशुल्क दवा योजना, आयुष्मान आरोग्य योजना एवं अन्य योजनाओं व कार्यक्रमों पर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान सीएमएचओ डॉ. अजय सिंगला, पीएमओ डॉ. दीपक मोंगा सहित सभी बीसीएमओ, एनएचएम अधिकारी, यूपीएचसी एवं सीएचसी इंचार्ज मौजूद रहे।
Next Story