राजस्थान

Ganganagar: नार्कों कोर्डिनेशन सेंटर की बैठक में जिला कलेक्टर ने दिये निर्देश

Tara Tandi
24 April 2025 7:42 PM IST
Ganganagar: नार्कों कोर्डिनेशन सेंटर की बैठक में जिला कलेक्टर ने दिये निर्देश
x
Ganganagar गंगानगर। नार्कों कोर्डिनेशन सेंटर की बैठक गुरूवार को जिला कलक्टर डॉ. मंजू की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। बैठक में जिला कलक्टर ने विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करते हुए कहा कि वर्तमान परिस्थितियों और हाई अलर्ट के मद्देनजर संबंधित एजेंसी एवं अधिकारी पूर्ण सजगता व समन्वय से कार्य करें। सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों और मादक पदार्थों पर रोक के लिये निरन्तर प्रभावी निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित की जाये।
बैठक में जिला कलक्टर द्वारा नशा मुक्ति केन्द्रों की नियमित जांच और यहां आने वाले रोगियों के फॉलोअप के निर्देश देते हुए कहा गया कि स्वास्थ्य विभाग एवं औषधि नियंत्रण विभाग द्वारा मेडिकल स्टोर्स की आवश्यक जांच की जाये। नशा छोड़ने वाले रोगियों को नशा मुक्ति के लिये प्रेरित करने के साथ-साथ आमजन को भी जागरूक किया जाये। एक परामर्श पर्ची पर एक जगह से ही दवा मिले। नशा मुक्ति जागरूकता के लिये ई-शपथ के बार कोड स्टीकर्स सार्वजनिक स्थानों पर चस्पा किये जाये। वॉल पेंटिंग के साथ-साथ ई-शपथ सर्टिफिकेट लगाये जाये।
सीमावर्ती गांवों में सीसीटीवी कैमरे और सोलर लाइट लगाने के प्रस्ताव भिजवाने पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री थार सीमा क्षेत्र विकास कार्यक्रम के तहत सीमा सुरक्षा से संबंधित आवश्यक कार्य करवाये जायें। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार जांच अभियान चलाने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि रोडवेज और परिवहन विभाग की ओर से आवश्यक कार्यवाही करें।
डीआईजी श्री गौरव यादव ने कहा कि ड्रोन के माध्यम से होने वाली गतिविधियों पर रोक के लिये पुलिस और बीएसएफ संयुक्त कार्यवाही की जाये। भारत माला रोड़ पर चौकी निर्माण पर भी चर्चा के पश्चात संबंधित अधिकारियों को राष्ट्रीय राजमार्ग पर धार्मिक अवसंरचना के नये निर्माण रोकने के लिये भी निर्देशित किया गया।
बैठक में एडीएम सतर्कता श्रीमती रीना, श्री अजय राठौड़ (आईपीएस), श्रीमती शिवा चौधरी, श्री रणजीत कुमार, पीडब्ल्यूडी एसई श्री भीमसेन स्वामी, श्री धीरज चावला, जोधपुर डिस्कॉम एसई श्री वी.आई परिहार, डॉ. अजय सिंगला, श्री विजय कुमार शर्मा, श्री धीरज पंवार, श्री विरेन्द्र पाल सिंह, श्री देवानंद, श्री सन्नी प्रताप त्रिपाठी सहित अन्य मौजूद रहे।
Next Story