राजस्थान

नई बाइक पर गिरोह की नजर, पुलिस ने किया पर्दाफाश

Admindelhi1
23 Sept 2026 3:04 PM IST
नई बाइक पर गिरोह की नजर, पुलिस ने किया पर्दाफाश
x
मास्टर चाबी से बाइक चोरी करने वाला गिरोह बेनकाब

जयपुर: गलता गेट थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नई मोटरसाइकिलें चुराने वाले संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की 17 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। बरामद बाइकों की अनुमानित बाजार कीमत करीब 24 लाख रुपए बताई गई है। आरोपी दिन में कॉलोनियों में नई बाइक की रेकी करते और रात में मास्टर चाबी यानी एलंकी से लॉक तोड़कर बाइक चोरी कर ले जाते थे। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस उपायुक्त उत्तर करण शर्मा ने बताया कि गलता गेट थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नई मोटरसाइकिलें चुराने वाले संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए अखिलेश मीणा (22) निवासी भुसावर जिला भरतपुर, उस्मान उर्फ मुन्ना (19) निवासी खो नागोरियान जयपुर तथा निशान्त उपाध्याय उर्फ निक्की (20) निवासी भुसावर जिला भरतपुर को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि अखिलेश मीणा गिरोह का मास्टरमाइंड है। उस्मान दिन में मकानों की सेटरिंग का काम करता था। इसी दौरान वह विभिन्न कॉलोनियों में खड़ी नई मोटरसाइकिलों की रेकी कर लेता था। इसके बाद तीनों आरोपी रात में अपनी अपाचे बाइक से निकलते और पहले से चिन्हित मोटरसाइकिलों को मास्टर चाबी यानी एलंकी की मदद से लॉक तोड़कर चोरी कर लेते थे।

पुलिस के अनुसार आरोपी चोरी की वारदातों को अंजाम देकर नशे और ऐशो-आराम के अपने शौक पूरे करते थे। पूछताछ में गिरोह के जयपुर के अलग-अलग इलाकों में बाइक चोरी की वारदातों में शामिल होने की जानकारी सामने आई है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में चोरी हुई बाइक के साथ चोरी में इस्तेमाल अपाचे मोटरसाइकिल भी बरामद की है। इसके अलावा गलतागेट, मालवीय नगर, गांधीनगर, जामडोली, रामगंज, मुरलीपुरा और जयसिंहपुरा खोर सहित जयपुर के विभिन्न इलाकों से चुराई गई 15 अन्य संदिग्ध मोटरसाइकिलें भी बरामद की गई हैं। इनमें स्प्लेंडर और बुलेट शामिल हैं। इन वाहनों को धारा 106 बीएनएसएस के तहत जब्त किया गया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी अखिलेश मीणा के खिलाफ पहले से भी वाहन चोरी सहित अन्य आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसके खिलाफ सांगानेर, मालवीय नगर, गांधीनगर, खो नागोरियान और भरतपुर के मथुरागेट थाने में मामले दर्ज हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और चोरी की अन्य वारदातों तथा गिरोह से जुड़े लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस टीम अब बरामद मोटरसाइकिलों के संबंध में दर्ज मामलों और उनके वास्तविक मालिकों की जानकारी जुटाने के साथ गिरोह की अन्य वारदातों का पता लगा रही है।

Next Story