राजस्थान

गुड टच-बैड टच से साइबर सुरक्षा तक, बच्चों को किया जागरूक

Admindelhi1
28 Oct 2026 4:40 PM IST
गुड टच-बैड टच से साइबर सुरक्षा तक, बच्चों को किया जागरूक
x
साइबर ठगी और गलत स्पर्श से बचाव के तरीके सीखेंगे बच्चे

डूंगरपुर: बच्चों की सुरक्षा, अधिकारों की समझ और साइबर ठगी से बचाव… बदलते दौर में विद्यार्थियों को जागरूक बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को भोगीलाल पंड्या पब्लिक सेकेंडरी स्कूल में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। ट्रांसफॉर्मेटिव ट्यूजडे फ्लैगशिप कार्यक्रम के तहत आयोजित शिविर में विद्यार्थियों को गुड टच-बैड टच, बाल संरक्षण, शिक्षा के अधिकार और साइबर फ्रॉड जैसे महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी देकर सतर्क रहने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि अतिरिक्त न्यायिक मजिस्ट्रेट डूंगरपुर जान्हवी आहूजा रहीं। अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य मोहन सिंह बारोड़ ने की, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में विद्यालय निदेशक पृथ्वीराज जैन उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए गुड टच-बैड टच की पहचान, बच्चों के संरक्षण से जुड़े कानूनी प्रावधानों, शिक्षा के अधिकार और समसामयिक सामाजिक एवं कानूनी मुद्दों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने साइबर फ्रॉड के बढ़ते खतरे के प्रति सचेत करते हुए विद्यार्थियों को सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि से बचने की सीख दी। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा किसी भी प्रकार की समस्या, अनुचित व्यवहार या गलत गतिविधि का सामना करने पर चुप रहने के बजाय विश्वसनीय व्यक्ति और संबंधित सहायता तंत्र से मदद लेने के लिए प्रेरित किया।

शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों को कानून की जानकारी देने के साथ उन्हें अपनी सुरक्षा के प्रति सजग बनाना रहा। कार्यक्रम की शुरुआत में विद्यालय की ओर से संगीता भट्ट ने मुख्य अतिथि जान्हवी आहूजा का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन अधिकार मित्र मुख्तार हुसैन ने किया। अंत में प्राचार्य मोहन सिंह बारोड़ ने अतिथियों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर न्यायालय डूंगरपुर के वरिष्ठ लिपिक कन्हैया लाल कटारा तथा विद्यालय के निलेश पंचाल, राहुल सोनी, वर्षा खुशलानी सहित विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहा।

Next Story